विज्ञापन

ट्रंप को मारने की साजिश में 5 गिरफ्तार, जन्मदिन पर ड्रोन- स्नाइपर से होना था हमला, मां ने दे दी टिप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में UFC इवेंट कराया था और उसी में हमले की प्लानिंग थी. 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

ट्रंप को मारने की साजिश में 5 गिरफ्तार, जन्मदिन पर ड्रोन- स्नाइपर से होना था हमला, मां ने दे दी टिप
Donald Trump: ट्रंप के जन्मदिन पर कत्लेआम की प्लानिंग (फोटो- AFP)
  • डोनाल्ड ट्रंप ने अपने जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में ही UFC इवेंट आयोजित किया था
  • यहां विस्फोटक लगे ड्रोन और स्नाइपर से हमला करने की प्लानिंग थी
  • FBI का दावा है कि उसने इस साजिश को नाकाम कर दिया और 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है

हजारों की भीड़, रोशनी से जगमगाता बड़ा UFC मुकाबला, अमेरिका का सबसे सुरक्षित भवन व्हाइट हाउस, और वहां मौजूद 'बर्थडे बॉय' राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप... सब कुछ किसी हॉलीवुड थ्रिलर फिल्म जैसा लग रहा था. लेकिन अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि पर्दे के पीछे एक खतरनाक साजिश भी तैयार हो रही थी. पता चला है कि हमलावरों का एक ग्रुप इस इवेंट में विस्फोटकों से लैस ड्रोन उड़ाकर अफरा-तफरी मचाना चाहता था और फिर भगदड़ का फायदा उठाकर चुनिंदा बड़े नेताओं को निशाना बनाने की योजना थी. FBI का कहना है कि समय रहते कार्रवाई करके इस साजिश को नाकाम कर दिया गया.

क्या है पूरा मामला?

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने जन्मदिन पर व्हाइट हाउस में ही UFC इवेंट आयोजित किया था. इस मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स वाले खूनी मुकाबले में खूब भीड़ जुटी थी लेकिन अब एक साजिश भी सामने आई है. यहां हमला करने की प्लानिंग थी और FBI का दावा है कि उसने इस साजिश को नाकाम कर दिया. FBI के डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि इस योजनाबद्ध हमलों को पूरी तरह रोक दिया गया है.

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी न्याय विभाग ने पांच लोगों के खिलाफ आरोप लगाए हैं. बताया गया कि इन लोगों की योजना इवेंट के ऊपर विस्फोटकों से लैस ड्रोन उड़ाने की थी. इसके बाद भगदड़ मचाकर लोगों को बाहर निकलने पर मजबूर किया जाना था. फिर बारी आती स्नाइपर शूटर की जो भागती हुई भीड़ में मौजूद बड़े टारगेट पर गोली चलाने वाले थे.

गिरफ्तार किए गए लोगों में 19 वर्षीय टायसन प्रॉपर भी शामिल है. उसे 10 जून को ओहायो में हिरासत में लिया गया था, जब उसकी मां ने पुलिस को बताया कि वह इंटरनेट पर एक चरमपंथी समूह के संपर्क में था. न्याय विभाग ने कहा कि प्रॉपर ने अपने घर में कई हथियार और हजारों गोलियां जमा कर रखे थे. उसने कई संभावित टारगेट की पहचान भी की थी, जिनमें अमेरिकी कांग्रेस के कई सदस्य शामिल थे.

वेंस ने वामपंथियों पर निशाना साधा

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी इस UFC इवेंट में मौजूद थे. उन्होंने मंगलवार सुबह फॉक्स न्यूज पर कहा कि उन्हें अभी-अभी इस साजिश के बारे में पता चला है. जब उनसे पूछा गया कि FBI ने इस नाकाम की गई साजिश की जानकारी सार्वजनिक क्यों की, जबकि सुरक्षा कारणों से वह हमेशा ऐसा नहीं करती. इसपर वेंस ने कहा कि इसकी वजह हमले की संभावित "बड़ी योजना" हो सकती है.

उन्होंने इसे कॉर्डिनेटेड और योजनाबद्ध आतंकवादी साजिश बताया. उन्होंने कहा कि ट्रंप सरकार कट्टर वामपंथी समूहों को मिलने वाली फंडिंग और उनके नेटवर्क की जांच कर रहा है. वेंस ने आरोपियों की मंशा के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी, लेकिन फिर भी उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी पर ट्रंप-विरोधी बयानबाजी के जरिए हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप लगाया.

अमेरिकी सरकार कई बार दावा कर चुका है कि ट्रंप के आलोचक और मीडिया देश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के लिए जिम्मेदार हैं. वहीं ट्रंप के विरोधियों का कहना है कि रिपब्लिकन राष्ट्रपति की विरोधियों, प्रवासियों और चुनाव प्रणाली के खिलाफ अक्सर की जाने वाली भड़काऊ बयानबाजी ही इसके लिए जिम्मेदार है.

यह भी पढ़ें: नेतन्याहू पर भड़के ट्रंप, कहा- तुमने लेबनान में हद कर दी, मैं न होता तो इजरायल खत्म हो जाता

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
आशुतोष कुमार सिंह NDTV इंडिया के साथ बतौर चीफ सब-एडिटर काम करते हैं. इससे पहले द क्विंट के साथ असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम कर चुके हैं. देहाती यादो... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, Donald Trump Assassination Plot, Donald Trump News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com