विज्ञापन

नेतन्याहू पर भड़के ट्रंप, कहा- तुमने लेबनान में हद कर दी, मैं न होता तो इजरायल खत्म हो जाता

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी7 समिट में इजरायली पीएम नेतन्याहू पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि अगर वह न होते तो इजरायल का अस्तित्व खत्म हो चुका होता.

नेतन्याहू पर भड़के ट्रंप, कहा- तुमने लेबनान में हद कर दी, मैं न होता तो इजरायल खत्म हो जाता
लेबनान के मुद्दे पर नेतन्याहू पर फिर भड़के डोनाल्ड ट्रंप
  • डोनाल्ड ट्रंप ने जी7 समिट में कहा कि अमेरिका ने इजरायल के अस्तित्व और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई
  • ट्रंप ने इजरायल-लेबनान संघर्ष पर चिंता जताई और लेबनान की खराब होती सामाजिक स्थिति पर भी टिप्पणी की
  • ट्रंप ने कहा कि संघर्ष की देरी ईरान के साथ परमाणु वार्ता और क्षेत्रीय समझौते पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है

मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब खत्म होने के मुहाने पर है. ईरान और अमेरिका के बीच समझौते पर सहमति बन चुकी है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू पर भड़ास निकाली है. ट्रंप ने इजरायल, लेबनान और ईरान से जुड़े मुद्दों पर कड़ा बयान दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अगर वो न होते तो इजरायल तबाह हो चुका होता.

'इजरायल के अस्तित्व में अमेरिका की भूमिका'

डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के एवियन में चल रहे जी7 समिट के दौरान यह बातें कहीं. उन्होंने कहा, 'इजरायल का अस्तित्व और उसकी सुरक्षा में अमेरिका की भूमिका निर्णायक रही है. उनके नेतृत्व के बिना इजरायल की स्थिति कमजोर हो सकती थी, क्योंकि अन्य कोई राष्ट्रपति वह कदम उठाने को तैयार नहीं था जो उन्होंने उठाए.'

ट्रंप ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अपने संबंधों को बेहद अच्छा बताया, लेकिन साथ ही कहा कि अब उन्हें लेबनान के संदर्भ में अधिक जिम्मेदारी से काम करना चाहिए. लेबनान की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा, 'यह देश पहले शिक्षकों, डॉक्टरों और वकीलों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब इसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी है.'

ट्रंप ने कहा, 'इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच संघर्ष बहुत लंबे समय से चल रहा है और इसमें बहुत अधिक लोगों की जान जा रही है. किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए हर बार पूरी इमारत को गिराना उचित नहीं है, क्योंकि उन इमारतों में कई निर्दोष लोग भी रहते हैं, जो हिज्बुल्लाह से जुड़े नहीं हैं.'

'हिज्बुल्लाह की जिम्मेदारी सीरिया को दी जाए'

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने इजरायल को सुझाव दिया था कि हिज्बुल्लाह से निपटने की जिम्मेदारी सीरिया को दी जाए और उनका मानना है कि 'सीरिया शायद यह काम बेहतर तरीके से कर सकता है.'

लेबनान और हिज्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई की गति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह संघर्ष बहुत लंबा खिंच रहा है. उनके अनुसार, इस देरी से व्यापक क्षेत्रीय समझौते और खासकर ईरान के साथ चल रही बातचीत पर नकारात्मक असर पड़ सकता है. हालांकि ये भी माना कि ईरान के मुकाबले लेबनान का संघर्ष छोटा मामला है.

ट्रंप के अनुसार, लेबनान से जुड़े मुद्दों पर उनका इजरायल के साथ 'बेहद मजबूत और सकारात्मक संबंध' रहा है, लेकिन उनका मानना है कि यदि वे हस्तक्षेप न करते, तो इजरायल पहले ही तबाह हो सकता था. उन्होंने यह भी कहा कि इस लंबे संघर्ष का नकारात्मक असर ईरान के साथ चल रही परमाणु वार्ता पर पड़ सकता है.

यह भी पढ़ें: दुनिया के लिए G7 का मंच क्यों है खास, इस बार के समिट में भारत की भूमिका कितनी अहम?

लेखक के बारे में
img
अनुभव शाक्य
Chief sub editor
NDTV इंडिया में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. पिछले करीब 5 वर्षों से मेनस्ट्रीम की पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इस दौरान ज़ी न्यूज़, नवभारत टाइम्स और ह... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, Netanyahu, Donald Trump News, G7, Lebanon Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com