विज्ञापन
This Article is From Jan 07, 2011

चीनी सेना पहले से कर सकती है परमाणु हमला

टोक्यो/बीजिंग: जापानी मीडिया ने खबर दी है कि किसी अन्य परमाणु देश से संकट की स्थिति में चीनी सेना पहले से परमाणु हमला कर सकती है। मीडिया ने यह खबर चीनी सेना पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के गोपनीय दस्तावेजों के हवाले से दी है। इससे चीन के पहले से परमाणु हमला न करने की नीति पर सवालिया निशान खड़ा होता है जिससे अमेरिका, जापान, भारत और अन्य क्षेत्रीय महाशक्तियों का चिंतित होना लाजिमी है। जापान की समाचार एजेंसी क्योदो ने चीनी सेना के गोपनीय दस्तावेजों के हवाले से उसकी नई नीति के बारे में कहा, यदि कोई परमाणु मिसाइलसंपन्न देश अत्यंत घातक पारंपरिक हथियारों से चीन के महत्वपूर्ण सामरिक स्थलों पर सिलसिलेवार हमले करता है तो हम परमाणु हमले की धमकी वाली नीति अपनाएंगे। दस्तावेजों के अनुसार चीन पहले परमाणु हमले की चेतावनी देगा लेकिन यदि दुश्मन चीनी क्षेत्र पर पारंपरिक हथियारों से हमले जारी रखता है तो पीएलए को पहले से परमाणु हमला करने पर सोचना चाहिए। दूसरी ओर, चीन ने इन खबरों को खारिज किया कि दूसरे परमाणु संपन्न देश से युद्ध के दौरान संकट की स्थिति में वह पहले से परमाणु हमले के विकल्प पर विचार करेगा। ऐसी खबरों को पूरी तरह झूठ करार देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता होंग लेई ने कहा, जब से चीन ने परमाणु हथियार हासिल किए हैं चीन सरकार की यह प्रतिबद्धता रही है कि कभी भी किसी भी स्थिति में पहले से परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com