विज्ञापन
This Article is From Dec 06, 2020

चीन का अंतरिक्ष यान चांद की सतह के नमूने लेकर रवाना हुआ

यह बीते 40 वर्ष से भी अधिक समय में दुनिया का पहला ऐसा अभियान है जिसमें चांद के नमूने धरती पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं

चीन का अंतरिक्ष यान चांद की सतह के नमूने लेकर रवाना हुआ
बीजिंग:

चांद की सतह के नमूने धरती पर लाने की तैयारी के बीच चीन के अंतरिक्ष यान ‘चांग-5' ने रविवार को चांद के पत्थर सफलतापूर्वक एक ‘ऑर्बिटर' में भेजे. इस तरह का प्रयास करीब 45 वर्षों में पहली बार किया जा रहा है. ‘चांग-5' अंतरिक्ष यान का प्रक्षेपण 24 नवंबर को किया गया था. यह एक दिसंबर को चांद की सतह पर उतरा था.

चाइना नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (सीएनएसए) ने बताया कि यान के ‘एसेंडर' ने नमूने एकत्रित किए तथा धरती पर लौटने वाले ‘ऑर्बिटर-रिटर्नर' से यह रविवार को सफलतापूर्वक जुड़ गया. अगले चरण में ‘ऑर्बिटर-रिटर्नर' इस ‘एसेंडर' से अलग हो जाएगा और धरती पर लौटने के लिए सही वक्त का इंतजार करेगा.

सीएनएसए ने बताया कि चांद से लिए गए नमूने स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजकर 12 मिनट पर ‘एसेंडर' से ‘रिटर्नर' में स्थानांतरित कर दिए गए. नमूनों को एकत्रित करने करने के बाद ‘एसेंडर' तीन दिसंबर को चांद की सतह से रवाना हो गया.
‘चांग-5' चीन के अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास का सबसे अधिक जटिल एवं चुनौतीपूर्ण अभियान है.

यह बीते 40 वर्ष से भी अधिक समय में दुनिया का पहला ऐसा अभियान है जिसमें चांद के नमूने धरती पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं. यदि मिशन सफल रहता है तो अमेरिका और पूर्ववर्ती सोवियत संघ के बाद चीन चांद के चट्टानी पत्थर धरती पर लाने वाला तीसरा देश बन जाएगा.

चांद की सतह के नमूने लेकर आने वाले कैप्सूल के चीन के उत्तरी हिस्से में स्थित इनर मंगोलिया क्षेत्र में दिसंबर माह के मध्य तक उतरने की संभावना है. इससे पहले चांद की सतह के नमूने 1976 में पूर्ववर्ती सोवियत संघ के लूना 24 द्वारा धरती पर लाए गए थे.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China, Spacecraft, China Space Craft In Moon, Spacecraft To Moon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com