टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कहने के बाद से क्रिकेट जगत ने चेज मास्टर विराट कोहली का एक अलग अंदाज देखने को मिला है. 38 साल के कोहली में रनों की भूख साफ नजर आती है और जब सीरीज के तीसरे वनडे में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ एक्शन में होंगे, तो फैंस को एक बार फिर उनसे धमाकेदार पारी की उम्मीद होगी. वहीं इस मुकाबले में विराट कोहली के निशाने पर दो मेगा रिकॉर्ड भी होंगे. किंग कोहली इस दौरान क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर का एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करेंगे.
22 रन बनाते ही रचेंगे इतिहास
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में 74 रनों की पारी खेलने वाले कोहली अगर तीसरे वनडे में 22 रन बनाने में सफल होते हैं तो वह इस फॉर्मेट में ब्लैक कैप्स के खिलाफ 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. विराट ने कीवी टीम के खिलाफ 38 पारियों में 97.87 की स्ट्राइक रेट और 56.51 की औसत से 1978 रन बनाए हैं. बता दें, दूसरे वनडे में 7 रन बनाते ही कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
सबसे ज्यादा लिस्ट A सेंचुरी
विराट और सचिन तेंदुलकर दोनों अभी 60 लिस्ट A सेंचुरी के बराबर हैं, जिससे वह लिस्ट A फ़ॉर्मेट में सबसे ज़्यादा सेंचुरी बनाने वाले बैट्समैन बनने से बस एक सेंचुरी दूर हैं. कोहली ने 355 मैचों की 342 पारियों में 60 लिस्ट ए शतक लगाए हैं. जबकि सचिन ने 551 मैचों की 538 पारियों में 60 शतक लगाए हैं. कोहली एक शतक लगाते ही सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ देंगे.
सीरीज जीतने उतरेगी टीम इंडिया
अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा की फॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं लेकिन भारत मंगलवार को तीसरे वनडे में चोटों से जूझ रही न्यूजीलैंड की टीम को हराकर पांच मैच की सीरीज में विजयी बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगा. हालांकि तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियां भारतीय शीर्ष क्रम के लिए चुनौती पेश कर सकती हैं.
भारत पांच मैच की सीरीज में 2-0 से आगे है लेकिन ईडन पार्क में विराट कोहली की शानदार पारी को छोड़ दें तो कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी रोहित समेत अन्य बल्लेबाज तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियों में सहज नजर नहीं आए हैं. सेडन पार्क में तीसरा मुकाबला भी बारिश से प्रभावित हो सकता है. ठंडी और गीली परिस्थितियों के कारण एक बार फिर तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त स्विंग और उछाल मिल सकता है जिससे बल्लेबाजों की मुश्किलें बढ़ेंगी.
यह भी पढ़ें: 27,000 रुपये हैं हैमिल्टन में गिल, गंभीर के रूम का हर दिन का चार्ज, इतने का पड़ता है नाश्ता, लंच, डिनर
यह भी पढ़ें: दीपावली पर अभिषेक शर्मा ने टीचर को दिया खास सरप्राइज, चेहरे की मुस्कान ने छू लिया दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं