विज्ञापन

हम कभी भूलेंगे नहीं... चीन ने भारत की आर्मी को क्यों कहा थैंक्यू?

चीनी आर्मी की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ के मौके पर चीन को आई भारत की याद, थैंक्यू बोलकर भारत के साथ संबंधों में लगातार सुधार पर दिया जोर.

हम कभी भूलेंगे नहीं... चीन ने भारत की आर्मी को क्यों कहा थैंक्यू?
भारत में चीन के डिफेंस अताशे रियर एडमिरल यू जियान (फोटो- ANI)
  • चीनी आर्मी की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ के मौके पर डिफेंस अताशे रियर एडमिरल यू जियान ने कही यह बात
  • आग लगने और धमाके का शिकार हुए एक कार्गो शिप से 12 चीनी क्रू मेंब को बचाने के लिए भारतीय सेना का शुक्रिया किया
  • पिछले साल केरल के तट पर हुआ था यह हादसा, भारत की सेना ने चलाया था रेस्क्यू मिशन

चीन ने भारत की सेना का शुक्रिया अदा किया है और वह भी चीनी आर्मी की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ के मौके पर. भारत में चीन के डिफेंस अताशे रियर एडमिरल यू जियान ने मंगलवार, 21 जुलाई को अपनी यह भावनाएं जाहिर कीं. उन्होंने पिछले साल केरल के तट पर आग लगने और धमाके का शिकार हुए एक कार्गो शिप से 12 चीनी क्रू मेंबर (नाविकों) को बचाने के लिए भारतीय सेना का धन्यवाद किया. साथ ही, उन्होंने दोनों देशों के सेनाओं के बीच बेहतर बातचीत और सहयोग की भी बात की. चीन की तरफ से यह बड़ा सिग्नल उस समय दिया जा रहा है कि सीमा विवाद के मुद्दे पर तनाव के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार हो रहा है.

रियर एडमिरल यू जियान ने पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के कार्यक्रम में कहा, "चीन और भारत अहम पड़ोसी हैं और दोनों ही विकास और आमूलचूल बदलाव के एक अहम दौर से गुजर रहे हैं. हमें खुशी है कि हमारे नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में, चीन-भारत संबंध सुधार और विकास की सही राह पर लौट आए हैं."

एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, "हम यह नहीं भूलेंगे कि पिछले साल जून में, भारतीय सेना ने केरल के तट पर आग लगने और धमाके का शिकार हुए एक कार्गो शिप से 12 चीनी क्रू सदस्यों को बचाया था."

भारत-चीन के अच्छे रिश्ते पर भी जोर

चीनी डिफेंस अताशे ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में दोनों देशों की सेनाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला. यू ने कहा, "हमें याद रखना चाहिए कि चीनी और भारतीय सेनाओं ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में बेहतरीन योगदान दिया है और बड़ी कुर्बानियां दी हैं. हमारा हमेशा से मानना ​​रहा है कि हमारे मतभेदों की तुलना में हमारे साझा हित कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं."

भारत के साथ सैन्य सहयोग को और गहरा करने की चीनी सरकार की इच्छा जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, "हम भारतीय पक्ष के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं ताकि राजनयिक और सैन्य चैनलों के माध्यम से बातचीत बनी रहे, आपसी भरोसा बढ़े, बातचीत के जरिए सहयोग को बढ़ावा मिले और चीन व भारत के लोगों की भलाई में योगदान दिया जा सके."

अपनी बात खत्म करते हुए चीनी डिफेंस अटैची ने कहा, "मैं चीन-भारत संबंधों में लगातार सुधार की कामना करता हूं." उनके ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब पीएम नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाकातों और उसके बाद दोनों पक्षों के अहम अधिकारियों के साथ बैठकों के बाद भारत और चीन के रिश्तों में लगातार सकारात्मक गति देखी गई है. नई दिल्ली और बीजिंग ने रिश्तों को धीरे-धीरे सामान्य बनाने की दिशा में रचनात्मक और अच्छे भविष्य के लक्ष्य के साथ बातचीत की है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप के सामने पाकिस्तान ने रखी 96 हजार करोड़ रुपये की बड़ी मांग, जानिए क्या है पूरा मामला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India China Relation, China Army, India China Ties
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com