यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन गया है. यूपी में गंगा एक्सप्रेसवे से लेकर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसे कई शानदार हाईस्पीड कॉरिडोर हैं. अभी भी विंध्य और शामली-गोरखपुर जैसे अन्य एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं. इस बीच यूपी कैबिनेट ने राज्य के दो प्रमुख एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए एक नए लिंक एक्सप्रेसवे को बनाने की मंजूरी दे दी है. हम बात कर रहे हैं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे की. यह करीब 50 किलोमीटर लंबा लिंक एक्सप्रेसवे होगा, जो पूर्वी और पश्चिमी यूपी को जोड़ देगा. आइए इस एक्सप्रेसवे की खासियत बताते हैं.
क्या होगी लिंक एक्सप्रेसवे की खासियत?
- यह एक्सप्रेसवे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के भलिया ग्राम से शुरू होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पहांसा ग्राम पर जाकर समाप्त होगा.
- इसकी कुल लंबाई करीब 50 किलोमीटर होगी.
- इसे शुरुआती रूप से 6-लेन चौड़ाई में डेवलेप किया जाएगा, जिसे भविष्य में 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है.
- यूपी कैबिनेट द्वारा मंजूर इस प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत 4,775 करोड़ रुपये है.
- इस एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किमी/घटा की रफ्तार से दौड़ेंगे.
लखनऊ के ट्रैफिक से मिलेगी राहत
इस लिंक एक्सप्रेसवे के बनने से लखनऊ शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा. फिलहाल आगरा एक्सप्रेसवे से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहन लखनऊ शहर से होकर गुजरते हैं. ऐसे में शहर के रास्तों पर ट्रैफिक जाम की समस्या हो जाती है. लेकिन नए एक्सप्रेसवे बनने के बाद लखनऊ के बाहर से ही इन दोनों एक्सप्रेसवे को कनेक्टिविटी मिल जाएगी. इससे लोगों को काफी फायदा होगा और उनका वक्त बचेगा.
यूपी कैबिनेट ने इन एक्सप्रेसवे को भी दी मंजूरी
- प्रयागराज से सोनभद्र तक 330 किमी एक्सप्रेसवे को मंजूरी
- विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे को मिली हरी झंडी, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से होगा कनेक्ट
- 117 किमी लंबे विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को कैबिनेट की मंजूरी
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के प्रस्ताव पर मुहर
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे से भी लंबा बनेगा यह 'महा-एक्सप्रेसवे', दिल्ली, UP से बिहार-बंगाल तक 6 राज्यों को करेगा कनेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं