पृथ्वी की कक्षा में चुपचाप चक्कर लगा रहे चीन के बेहद गोपनीय स्पेस प्लेन शेनलोंग की ऐसी तस्वीर पहली बार सामने आई है, जिसने दुनिया भर के रक्षा और अंतरिक्ष विशेषज्ञों का ध्यान खींच लिया है. अमेरिकी खुफिया एजेंसी की एक रिपोर्ट में जारी इस तस्वीर में चीन का यह रहस्यमयी अंतरिक्ष यान बेहद करीब से दिखाई देता है. खास बात यह है कि यही स्पेस प्लेन पहले भी अंतरिक्ष में कुछ अज्ञात वस्तुएं छोड़ने को लेकर चर्चा में रह चुका है.
स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, शेनलोंग को 'डिवाइन ड्रैगन' यानी 'दैवीय ड्रैगन' भी कहा जाता है. यह एक रोबोटिक और रियूजेबल स्पेस प्लेन है, जो पिछले करीब छह वर्षों से चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम का हिस्सा बना हुआ है. इसकी गतिविधियों को लेकर लंबे समय से रहस्य बना हुआ है क्योंकि चीन ने इसके बारे में बहुत कम आधिकारिक जानकारी साझा की है.
अंतरिक्ष यान की कई बारीकियां साफ दिखाई दी
अमेरिकी खुफिया एजेंसी डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (DIA) की थ्रेट असेसमेंट रिपोर्ट में शामिल यह तस्वीर वर्ष 2024 में ली गई थी. तस्वीर को मैक्सर टेक्नोलॉजीज (अब वैनटोर) के एक सैटेलाइट ने करीब 90 किलोमीटर की दूरी से कैप्चर किया था. इसकी रिजॉल्यूशन 4.5 सेंटीमीटर प्रति पिक्सेल बताई गई है, जिसके कारण अंतरिक्ष यान की कई बारीकियां साफ दिखाई देती हैं.
तस्वीर में शेनलोंग एक अन्य उपग्रह से जुड़ा हुआ नजर आता है और उसके सौर पैनल खुले हुए दिखाई देते हैं. तस्वीर में यह भी देखा जा सकता है कि उसके पिछले हिस्से में मौजूद पेलोड डोर खुला हुआ है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह स्पेस प्लेन कक्षा में वस्तुओं को पहुंचाने, उनका परीक्षण करने और फिर धरती पर वापस लौटने जैसी क्षमताएं रखता है.
वापस उतर सकते हैं विमान
शेनलोंग की तुलना अक्सर अमेरिका के बोइंग निर्मित X-37B स्पेस प्लेन से की जाती है. दोनों ही यान रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजे जाते हैं और मिशन पूरा होने के बाद विमान की तरह वापस उतर सकते हैं.
फिलहाल शेनलोंग अपने चौथे मिशन पर है. इसका मौजूदा मिशन इस साल 7 फरवरी को शुरू हुआ था, जब इसे चीन के जियुक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च 2F रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा गया था.
अब तक चीन ने शेनलोंग की कोई आधिकारिक तस्वीर जारी नहीं की है. वैनटोर के अनुसार यह स्पेस प्लेन लगभग 26 फीट लंबा है. इससे पहले यह कई बार तब सुर्खियों में आया था, जब निम्न पृथ्वी कक्षा (Low Earth Orbit) में इसके द्वारा कुछ अज्ञात वस्तुएं छोड़े जाने की खबरें सामने आई थीं. इसके बाद अंतरिक्ष गतिविधियों पर नजर रखने वाली कंपनियों और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों ने ग्राउंड-बेस्ड रडार समेत अन्य उपकरणों की मदद से इसकी निगरानी शुरू कर दी थी.
रिपोर्ट के अनुसार, इस सप्ताह अमेरिका के कुछ शहरों में लोगों को शेनलोंग को नंगी आंखों से देखने का मौका भी मिल सकता है. हेवेन्स-अबव (Heavens Above) के आंकड़ों के हवाले से बताया गया है कि यह 3 नवंबर को डेनवर और 5-6 नवंबर को लॉस एंजिलिस के ऊपर से गुजर सकता है. इसे देखने का सबसे अच्छा समय सूर्योदय से पहले का आसमान बताया गया है.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में बढ़ा कपड़ा मजदूरों का बवाल, पुलिस से भिड़े हजारों कामगार, महीने की कितनी सैलरी मांग रहे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं