विज्ञापन

Year Ender 2026: दुनिया के बाजारों में बढ़ी भारत की धमक, न्यूजीलैंड से लेकर ब्रिटेन तक कई देशों के साथ किए ट्रेड एग्रीमेंट

साल 2026 में भारत ने न्यूजीलैंड, ब्रिटेन और ओमान के साथ ट्रेड एग्रीमेंट को लागू किया, जबकि यूरोपीय यूनियन के साथ एफटीए की बातचीत पूरी की. अमेरिका के साथ भी अंतरिम ट्रेड डील का फ्रेमवर्क तैयार हुआ. इन डील से भारतीय निर्यातकों को नए बाजार, उद्योगों को कम टैरिफ पर कारोबार और भारतीय पेशेवरों को विदेशों में रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है.

Year Ender 2026:  दुनिया के बाजारों में बढ़ी भारत की धमक, न्यूजीलैंड से लेकर ब्रिटेन तक कई देशों के साथ किए ट्रेड एग्रीमेंट
भारत के लिए खुला विदेशी बाजारों का दरवाजा
IANS
नई दिल्ली:

साल 2026 भारत के ग्लोबल ट्रेड के लिहाज से काफी अहम रहा. इस साल भारत ने कई विकसित अर्थव्यवस्थाओं के साथ अपने व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने के लिए बड़े कदम उठाए. न्यूजीलैंड के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर हस्ताक्षर से लेकर यूरोपीय यूनियन (EU) के साथ बातचीत पूरी करने और ब्रिटेन और ओमान के साथ पहले हुए ट्रेड एग्रीमेंट को लागू करने तक कई अहम फैसले हुए. इन समझौतों से भारतीय कंपनियों और निर्यातकों के लिए विदेशी बाजारों में कारोबार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है. इन ट्रेड डील का मकसद भारतीय सामान को दूसरे देशों में आसानी से पहुंचाना, निर्यात बढ़ाना, विदेशी निवेश आकर्षित करना और भारतीय पेशेवरों के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर बढ़ाना है.

आइए जानते हैं कि 2026 में भारत ने किन देशों के साथ ट्रेड के मोर्चे पर कौन-कौन से बड़े कदम उठाए.

भारत-यूरोपीय यूनियन डील: 'मदर ऑफ ऑल डील्स'

भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच 27 जनवरी 2026 को फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर बातचीत पूरी हुई. दोनों पक्षों ने इसे 'मदर ऑफ ऑल डील्स' का नाम दिया. इस एग्रीमेंट के तहत यूरोपीय यूनियन की 97 फीसदी टैरिफ लाइनों तक भारत को बाजार पहुंच मिलने का रास्ता साफ हुआ है. इससे भारत के टेक्सटाइल, चमड़ा, फुटवियर, जेम्स एंड ज्वेलरी, चाय, कॉफी, मसाले और खिलौना उद्योग को फायदा मिलने की उम्मीद है. वहीं, भारत ने डेयरी, मांस, पोल्ट्री और अनाज जैसे सेक्टर्स को इस समझौते में संरक्षण दिया है. हालांकि, साल 2026 में बातचीत पूरी होने के बावजूद यह समझौता अभी लागू नहीं हुआ है. इस पर औपचारिक हस्ताक्षर और आगे की प्रक्रियाएं बाकी हैं. 

भारत-अमेरिका ट्रेड डील: बातचीत जारी

भारत और अमेरिका के बीच भी ट्रेड रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया. 7 फरवरी 2026 को दोनों देशों ने अंतरिम ट्रेड डील के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति जताई. इसका मकसद दोनों देशों के बीच ट्रेड की बाधाओं को कम करना और कॉम्प्रिहेंसिव बाइलेटरल ट्रेड एग्रीमेंट (BTA) की दिशा में आगे बढ़ना है. हालांकि, दोनों देशों के बीच कॉम्प्रिहेंसिव ट्रेड एग्रीमेंट को लेकर बातचीत अभी जारी है.

न्यूजीलैंड के साथ एफटीए: भारतीय निर्यात को जीरो ड्यूटी का फायदा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 27 अप्रैल 2026 को फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर हुए. यह समझौता 20 अक्टूबर 2026 से लागू हो चुका है. इसके तहत न्यूजीलैंड ने भारत से होने वाले 100 फीसदी निर्यात पर पहले दिन से जीरो ड्यूटी मार्केट एक्सेस देने का प्रोविजन किया है. इससे भारतीय टेक्सटाइल, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग जैसे उद्योगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. डील में न्यूजीलैंड की ओर से भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश को सुविधाजनक बनाने की प्रतिबद्धता भी शामिल है. इसके अलावा भारतीय कुशल प्रोफेशनल्स के लिए हर साल 5,000 अस्थायी रोजगार वीजा का प्रोविजन किया गया है.

ब्रिटेन के साथ एफटीए: 99 फीसदी निर्यात को फायदा

भारत और ब्रिटेन के बीच 24 जुलाई 2025 को हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को 15 जुलाई 2026 से लागू कर दिया गया. इस डील के तहत भारत के करीब 99 फीसदी निर्यात को ब्रिटेन में जीरो ड्यूटी पर बाजार पहुंच मिली है. इससे भारतीय टेक्सटाइल, फुटवियर, चमड़ा और इंजीनियरिंग जैसे लेबर आधारित उद्योगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन भी लागू हुआ. इसके तहत एलिजिबल अस्थायी कर्मचारियों को सोशल सिक्योरिटी में योगदान से छूट की अवधि 3 साल से बढ़ाकर 5 साल कर दी गई.

ओमान के साथ समझौता: कपड़ा कारोबार को राहत

भारत और ओमान के बीच कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (CEPA) पर 18 दिसंबर 2025 को हस्ताक्षर हुए थे. इसे 1 जून 2026 से लागू कर दिया गया. इस फैसले से भारतीय कपड़ा निर्यातकों को ओमान के बाजार में प्रतिस्पर्धा करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

GCC देशों के साथ भी व्यापार बढ़ाने की तैयारी

भारत ने 2026 में खाड़ी देशों के संगठन गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) के साथ भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट की दिशा में कदम बढ़ाया. फरवरी में इसके लिए औपचारिक बातचीत शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई. जीसीसी में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर, कुवैत, ओमान और बहरीन शामिल हैं. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Year Ender, Trade Deal, Trade Aggrement, Free Trade Agreement (FTA)
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com