China fireworks factory Blast: चीन के एक पटाखा फैक्ट्री में हुए बड़े धमाके में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और 61 लोग घायल हो गए हैं. चीन के सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी के अनुसार, यह धमाका सोमवार को शाम करीब 4:43 बजे हुनान प्रांत के लियूयांग शहर में स्थित लियूयांग हुआशेंग फायरवर्क्स मैन्युफैक्चरिंग एंड डिस्प्ले कंपनी में हुआ. सामने आए वीडियो में लगातार धमाके होते दिखे, और पहाड़ों से घिरे एक ग्रामीण इलाके में बहुत बड़ा धुएं का गुबार आसमान में उठता नजर आया. यह खबर न्यूज एजेंसी एएफपी ने छापी है.
सीसीटीवी के ड्रोन से एक दिन बाद ली गई तस्वीरों में दिखा कि जहां पहले इमारतें थीं, वहां अब जली हुई मलबे की बड़ी पट्टी फैली हुई है. बचावकर्मी और मशीनें (खुदाई करने वाली) मलबे में खोजबीन कर रहे थे. कुछ खड़ी बची इमारतों से अब भी धुआं निकल रहा था, और उनमें से कई की छतें उड़ चुकी थीं. चीन की केंद्रीय सरकार ने बचाव कार्य में मदद के लिए फिल्ड के एक्सपर्ट भेजे हैं, और 480 से ज्यादा बचावकर्मियों को तुरंत मौके पर भेजा गया है ताकि खोज और बचाव का काम किया जा सके.
चीन की पटाखा फैक्ट्री में मिसाइल हमले जैसा जोरदार धमाका, 21 की मौत#China #FireCrackerFactory pic.twitter.com/QA0mk3Gnc7
— NDTV India (@ndtvindia) May 5, 2026
बता दें कि लियूयांग पटाखों का एक बड़ा केंद्र है, जहां चीन में बिकने वाले लगभग 60 प्रतिशत और विदेश भेजे जाने वाले 70 प्रतिशत पटाखे बनाए जाते हैं. चीन में सुरक्षा नियमों के ढीले होने की वजह से ऐसे औद्योगिक हादसे, खासकर पटाखा उद्योग में, आम हैं. पिछले साल हुनान में ही एक और पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके में 9 लोगों की मौत हुई थी, और 2023 में उत्तरी शहर तियानजिन में रिहायशी इमारतों में धमाके से 3 लोगों की मौत हो गई थी.
फरवरी में हुबेई और जियांगसू प्रांतों में पटाखा दुकानों में हुए अलग-अलग धमाकों में 12 और 8 लोगों की मौत हुई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं