चीन ने भविष्य के युद्धों और चिकित्सा विज्ञान में अपनी बादशाहत कायम करने के लिए फिर से एक बड़ा दांव खेला है. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के पूर्व प्रोफेसर और दुनिया के दिग्गज नैनो-साइंटिस्ट चार्ल्स लिबर अब चीन के शेनझेन में अपनी नई अत्याधुनिक लैब चला रहे हैं. चीन में रहकर लिबर इंसानी दिमाग में चिप लगाने का रिसर्च कर रहे हैं.
लिबर को कभी अमेरिका ने चीन के साथ गुप्त संबंधों के आरोप में सजा सुनाई थी. लिबर का मिशन इंसानी दिमाग में इलेक्ट्रॉनिक्स यानी चिप लगाना है. इस तकनीक को 'ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस' (BCI) कहा जाता है. इसका इस्तेमाल चिकित्सा के साथ-साथ 'सुपर सोल्जर' तैयार करने के लिए भी किया जा सकता है.
अमेरिका में मिली सजा तो चीन ने मौके का उठाया फायदा
लिबर का इतिहास विवादों से भरा रहा है. रॉयटर्स के मुताबिक, दिसंबर 2021 में, एक अमेरिकी जूरी ने उन्हें चीनी सरकार के 'थाउजेंड टैलेंट्स प्रोग्राम' से भुगतान लेने के बारे में संघीय जांचकर्ताओं से झूठ बोलने का दोषी पाया था. उन पर टैक्स चोरी के भी आरोप लगे थे.
सजा के तौर पर उन्होंने दो दिन जेल में बिताए और छह महीने घर में नजरबंद रहे. उस वक्त उनके वकीलों ने तर्क दिया था कि वे लाइलाज कैंसर (लिम्फोमा) से जूझ रहे हैं. लेकिन जैसे ही उनकी पाबंदियां खत्म हुईं, वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए चीन चले गए.
चीन ने लिबर के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं छोड़ी है. हार्वर्ड में लिबर को जिन उपकरणों को साझा करना पड़ता था, शेनझेन में उनके पास अपनी खुद की डीप अल्ट्रावॉयलेट लिथोग्राफी मशीनें हैं. ये मशीनें अत्याधुनिक चिप बनाने के काम आती हैं. इसके अलावा, उनके पास 2,000 बंदरों (प्राइमेट्स) वाली एक विशाल रिसर्च फैसिलिटी तक सीधी पहुंच है. विशेषज्ञों का मानना है कि इंसानी दिमाग में चिप लगाने के परीक्षण से पहले बंदरों पर ट्रायल करना अनिवार्य होता है.
'सुपर सोल्जर' बनाने के मिशन में चीन
हालांकि इस तकनीक का प्राथमिक मकसद पैरालिसिस या एएलएस (ALS) जैसी बीमारियों का इलाज करना है, लेकिन इसके सैन्य इस्तेमाल की संभावनाओं ने पेंटागन की चिंता बढ़ा दी है.
चीन की इस रणनीति को 'मिलिट्री-सिविल फ्यूजन' कहा जाता है. ऐसे में नागरिक शोध का सीधा लाभ सेना को दिया जाता है. चीन ने मार्च 2026 में अपनी नई पंचवर्षीय योजना में 'ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस' को राष्ट्रीय प्राथमिकता घोषित किया है. चीनी अधिकारियों का मानना है कि आने वाले 10 वर्षों में यह तकनीक एक नया हाई-टेक सेक्टर खड़ा कर देगी.
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने 24 घंटे में 6500 टन हथियार इजरायल भेजे, ईरान पर दोबारा हमले की तैयारी पूरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं