- प्रिंसेस डायना का जन्म ब्रिटेन के स्पेंसर परिवार में 1 जुलाई 1961 को हुआ और वे शाही परिवार की करीबी थीं
- डायना और प्रिंस चार्ल्स की मुलाकात 1977 में हुई, चार्ल्स पहले डायना की बहन को डेट कर रहे थे
- 1981 में दोनों की भव्य शादी हुई, जिसे लगभग 75 करोड़ लोगों ने टीवी पर लाइव देखा था
इंग्लैंड की सबसे चहेती और दुनिया भर में चर्चित प्रिंसेस डायना की जिंदगी किसी परियों की कहानी जैसी शुरू जरूर हुई थी, लेकिन उसका अंत बेहद दर्दनाक और रहस्यों से भरा रहा. डायना का जन्म 1 जुलाई 1961 को इंग्लैंड में ही हुआ था. उनका असली नाम डायना स्पेंसर था. स्पेंसर परिवार ब्रिटिश शाही घराने का करीबी था. उनके पिता जॉन स्पेंसर आठवें अर्ल स्पेंसर थे. स्पेंसर परिवार पीढ़ियों से ब्रिटिश शाही परिवार का करीबी रहा था, और डायना बचपन में सैंड्रिंघम में शाही बच्चों प्रिंस एंड्रयू और प्रिंस एडवर्ड के साथ खेला करती थीं.
कैसे मुलाकात हुई
डायना और प्रिंस चार्ल्स की पहली मुलाकात 1977 में हुई थी, जब डायना केवल 16 वर्ष की थीं. दिलचस्प बात यह है कि उस समय चार्ल्स डायना की बड़ी बहन सारा स्पेंसर को डेट कर रहे थे. 1980 के मध्य में जब दोनों फिर से एक वीकेंड पार्टी में मिले, तो चार्ल्स डायना की सादगी और उनके संवेदनशील व्यवहार से बेहद प्रभावित हुए. उस समय शाही परिवार पर भी चार्ल्स की शादी का भारी दबाव था. चार्ल्स को एक ऐसी लड़की की तलाश थी जो कुलीन पृष्ठभूमि से हो और जिसका कोई पुराना विवादास्पद अतीत न हो. डायना इस खांचे में पूरी तरह फिट बैठीं.

कैसे हुईं चर्चित
कुछ ही मुलाकातों के बाद, 24 फरवरी 1981 को बकिंघम पैलेस ने उनकी आधिकारिक सगाई की घोषणा की और डायना को नीलम की मशहूर सगाई की अंगूठी दी गई. फिर 29 जुलाई 1981 को लंदन के सेंट पॉल कैथेड्रल में दोनों की भव्य शादी हुई. इस भव्य शादी को दुनिया भर के लगभग 75 करोड़ लोगों ने टीवी पर लाइव देखा. शादी के बाद डायना आधिकारिक रूप से ब्रिटिश शाही घराने की बहू और "प्रिंसेस ऑफ वेल्स" बन गईं. वे अपनी खूबसूरती, विनम्रता और समाज सेवा के कार्यों के कारण जल्द ही दुनिया की सबसे चहेती शख्सियत बन गईं, और उन्हें "पीपल्स प्रिंसेस" कहा जाने लगा.
क्यों रिश्ते हुए खराब
शुरुआती सालों में सब ठीक रहा और उनके दो बेटे हुए. प्रिंस विलियम (1982) और प्रिंस हैरी (1984). लेकिन जल्द ही इस शादी के पीछे का स्याह सच दुनिया के सामने आने लगा. शादी टूटने की सबसे बड़ी वजह कैमिला पार्कर बॉल्स (चार्ल्स की पूर्व प्रेमिका और वर्तमान पत्नी) थीं. चार्ल्स शादी के बाद भी कैमिला के साथ लगातार संपर्क और रिश्ते में थे. डायना ने अपने एक प्रसिद्ध इंटरव्यू में कहा था, "इस शादी में हम हमेशा तीन लोग थे, इसलिए थोड़ी भीड़भाड़ थी."

कैसे हुआ तलाक
डायना को बकिंघम पैलेस में अकेलापन, डिप्रेशन और 'बुलिमिया' (खाने से जुड़ा एक विकार) जैसी गंभीर मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ा. जैसे-जैसे शादी में दूरी बढ़ी, डायना के नाम भी कुछ अन्य पुरुषों के साथ जुड़े. लगातार बढ़ते विवादों और सार्वजनिक आरोपों-प्रत्यारोपों के बाद, 1992 में दोनों आधिकारिक रूप से अलग हो गए. महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के सीधे हस्तक्षेप और सलाह के बाद, 28 अगस्त 1996 को दोनों का आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया. तलाक के बाद डायना से उनका "हर रॉयल हाइनेस" का शाही खिताब छीन लिया गया, लेकिन वे 'प्रिंसेस ऑफ वेल्स' बनी रहीं और बकिंघम पैलेस के कड़े नियंत्रण से पूरी तरह आजाद हो गईं.
डायना की मौत
31 अगस्त 1997 की काली रात को फ्रांस के पेरिस शहर में एक भीषण कार दुर्घटना में डायना की मौत हो गई. डायना उस समय अपने नए मिस्र के अरबपति दोस्त डोडी अल-फायद के साथ थीं. वे पेरिस के 'रिट्ज होटल' से निकल रहे थे. उनकी कार का पीछा कुछ खोजी फोटोग्राफर्स मोटरसाइकिल पर कर रहे थे. फोटोग्राफर्स से बचने के लिए डायना की कार के ड्राइवर ने कार की रफ्तार बहुत तेज कर दी. नियंत्रण खोने के कारण कार पेरिस के 'पोंट डी एल'अल्मा' अंडरपास के एक कंक्रीट के खंभे से बेहद हिंसक रूप से टकरा गई. हादसे में डोडी अल-फायद और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई. डायना गंभीर रूप से घायल थीं और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद सुबह तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया. उस समय वो केवल 36 वर्ष की थीं.

अब क्यों चर्चा में
अब फिर डायना चर्चा में हैं. वजह हैं उनके भाई. प्रिंसेस डायना के भाई, अर्ल चार्ल्स स्पेंसर की नई किताब के कुछ ही अंश अब तक प्रकाशित हुए हैं. लेकिन इनसे ब्रिटेन के शाही परिवार के लिए एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है; इन अंशों ने किंग चार्ल्स तृतीय के साथ डायना की दुखद शादी की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं और बकिंघम पैलेस की ओर से एक दुर्लभ और कड़ा विरोध भी सामने आया है.
चार्ल्स को गम नहीं था
शायद इन अंशों में सबसे ज्यादा सनसनीखेज आरोप स्पेंसर ने लगाया है कि डायना की मौत पर चार्ल्स का क्या रिएक्शन था. उन्होंने 31 अगस्त, 1997 की उस तनावपूर्ण रात का पूरा ब्योरा दिया है. पेरिस में डायना के जानलेवा कार एक्सीडेंट के बाद मौत की खबर मिलने पर जब उन्होंने जीजा को फोन पर बातचीत का वाक्या बताया है. स्पेंसर कहते हैं कि चार्ल्स की आवाज में "बहुत ज्यादा खुशी झलक रही थी – जैसे कोई लॉटरी जीत गया हो." स्पेंसर ने कहा, "अब पीछे मुड़कर देखने पर मुझे लगता है कि प्रिंस की पहली प्रतिक्रिया यह रही होगी कि वे इस बारे में ज्यादा सोचें कि कैसे यह घटना उन्हें उस महिला से शादी करने के लिए आजाद कर सकती है जिससे वे प्यार करते थे, बजाय इसके कि वे उस महिला को खोने का दुख मनाते जिससे वे प्यार नहीं करते थे."

सगाई तोड़ना चाहती थी
स्पेंसर ने अपनी बहन के उस समय के प्रिंस ऑफ वेल्स के साथ नाखुश रिश्ते के बारे में अपनी समझ भी बताई है. उनका यह भी कहना है कि डायना ने सगाई तोड़ने की कोशिश की थी, क्योंकि चार्ल्स ने अपने भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर की 21वीं जन्मदिन की पार्टी में डायना में "लगभग कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई" थी. स्पेंसर ने लिखा, "दिल टूटने वाली उस शाम के ठीक बाद, डायना मेरे पिता से मिलने गईं. उन्होंने पिता से कहा कि वह ऐसे व्यक्ति से शादी नहीं कर सकतीं जो साफ तौर पर उनसे प्यार नहीं करता." स्पेंसर के मुताबिक, उनके पिता ने डायना को सगाई तोड़ने की इजाजत नहीं दी. सगाई की घोषणा के कुछ ही दिनों बाद, स्पेंसर का कहना है कि चार्ल्स ने डायना की कमर पकड़ी और कहा, "अरे, यहां थोड़ी चर्बी है, है ना?" स्पेंसर ने बताया कि डायना, जो बुलिमिया से जूझ रही थीं, को यह बात बहुत बुरी लगी.
यह भी पढ़ें-
ट्रंप ने भारत को रूसी तेल खरीदने से रोका या टैरिफ लगाया तो अमेरिकियों पर आएगी आफत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं