विज्ञापन

बंजी जंपिंग हादसे में नया मोड़, बिना रस्सी के 130 फीट नीचे गिरने के बाद भी जिंदा थी लड़की; नर्स ने किया था 'मजाक'

Brazil Bungee Jumping Accident: ब्राजील में बंजी जंपिंग के दौरान जिस 21 साल की लड़की को बिना रस्सी बांधे 130 फीट नीचे फेंक दिया गया था, उसकी सांसे तब भी चल रही थीं. उस वक्त वहां मौजूद नर्स ने यह खुलासा किया है. इसके साथ ही ब्राजीलियाई सांसद ने जो बयान दिया है वो कंपनी की मुश्किलें और बढ़ाने वाला है. यहां पढ़ें पूरी खबर...

बंजी जंपिंग हादसे में नया मोड़, बिना रस्सी के 130 फीट नीचे गिरने के बाद भी जिंदा थी लड़की; नर्स ने किया था 'मजाक'
ब्राजील बंजी जंपिंग हादसा: बिना रस्सी 130 फीट से गिरी लड़की, फिर भी चल रही थीं सांसें; स्टाफ ने की भागने की कोशिश
Instagram
  • बिना रस्सी बांधे 130 फीट नीचे फेंकी गई 21 साल की मारिया की सांसे बंजी जंपिंग हादसे के बाद भी चल रही थीं.
  • मारिया को अटेंड करने वाली नर्स रेजा डायस ने कहा कि उन्होंने घायल को हिम्मत देने के लिए एक मजाक भी किया था.
  • ब्राजीलियाई सांसद एंड्रिया डेंटास लेवी का भी कहना है कि बंजी जंपिंग वाली कंपनी बिना परमिशन के चल रही थी.

Brazil Bungee Jumping News: सोचिए... आप 130 फीट ऊंचे पुल के किनारे पर खड़े हैं. नीचे गहरी खाई है. आप रोमांच से भरे हुए हवा में छलांग लगा देते हैं, लेकिन नीचे गिरते हुए अचानक आपको पता चलता है कि आपकी सेफ्टी रस्सी तो बंधी ही नहीं है! ब्राजील की 21 साल की मारिया एडुआर्डा (Maria Eduarda) के साथ बीते शनिवार को बिल्कुल ऐसा ही हुआ. टीचर बनने का सपना देखने वाली मारिया की इस खौफनाक जंप का एक वीडियो सामने आया है. इसमें साफ दिख रहा है कि स्टाफ ने उन्हें हवा में उठाया और लिमेइरा के स्केलेटन ब्रिज (Skeleton Bridge) से नीचे धकेल दिया. लेकिन इस खौफनाक घटना का सबसे चौंकाने वाला सच इसके बाद मंगलवार को सामने आया.

100 फीट से ज्यादा नीचे गिरीं, लेकिन चल रही थीं सांसें

बिना रस्सी के इतनी भयानक ऊंचाई से सीधे जमीन पर टकराने के बाद भी मारिया की तुरंत मौत नहीं हुई थी. वहां मौजूद रेजा डायस (Rayza Dias) नाम की एक नर्स फौरन मदद के लिए दौड़ी. 'द सन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रेजा ने बताया कि जब वह मारिया के पास पहुंची, तो उसकी सांसें चल रही थीं और पल्स भी महसूस हो रही थी. जिंदगी और मौत के बीच झूल रही मारिया का हौसला बढ़ाने के लिए नर्स ने उस पल में भी एक 'मजाक' किया. नर्स ने कहा- 'दूदा, मेरी शिफ्ट में कोई नहीं मरता.' हैरानी की बात यह है कि नर्स उस वक्त अपनी किसी शिफ्ट पर भी नहीं थी, उसने सिर्फ मारिया को हिम्मत देने के लिए ऐसा कहा था.

बताते चलें कि एडुआर्डा नाम की महिलाओं के लिए पुर्तगाली भाषा में दुदा एक निकनेम है.

कपड़े बदलकर भागे कर्मचारी, हेलीकॉप्टर से हुआ पीछा

जब मारिया वहां दर्द से तड़प रही थी, तब बंजी जंपिंग कराने वाले कर्मचारी खुद को बचाने की फिराक में थे. पुलिस ने बताया कि लड़की के गिरते ही कर्मचारियों ने तुरंत अपने कपड़े बदले और उनमें से कम से कम दो लोग वहां से भाग निकले. हालांकि, उनकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चली. पुलिस के एक हेलीकॉप्टर ने उन्हें पोंटे डो एस्केलेटो (Ponte do Esqueleto) के रास्तों में ट्रैक कर लिया और वे पकड़े गए.

पुलिस के सामने आरोपियों का रटा-रटाया जवाब

वीडियो में दिखने वाले तीन लोगों- लुइस (32), विटोर (27) और माइकन (42) पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है. इनके अलावा तीन और लोग पकड़े गए हैं. जब पुलिस ने इन आरोपियों से पूछा कि आखिर रस्सी बांधने की जिम्मेदारी किसकी थी? तो उनका जवाब हैरान करने वाला था. एक जंप के लिए 26 पाउंड (करीब 2800 रुपये) कमाने वाले लुइस और माइकन ने पुलिस से कह दिया- 'हमें याद ही नहीं है.' उनके वकील राफेल ने भी तर्क दिया कि उनके क्लाइंट सदमे में हैं क्योंकि वे सालों से यह काम कर रहे हैं और पहले कभी ऐसा नहीं हुआ.

Brazil Bungee Jumping Accident Accused

इस घटना के बाद पुलिस ने कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.
Photo Credit: Police Handout

मौत से चंद घंटे पहले की वो आखिरी खुशी

जांच में यह खुलासा भी हुआ है कि हादसे से बस कुछ घंटे पहले मारिया अपनी जंप को लेकर बहुत एक्साइटेड थी. उसने सोशल मीडिया पर पुल के किनारे का नजारा और जंप कराने वाली कंपनी 'Entre Cordas' का बैनर भी पोस्ट किया था. चश्मदीद हिगोर डिनिज के मुताबिक, जब मारिया ने छलांग लगाई तो वहां 6 साल तक के छोटे बच्चे भी यह करतब देखने के लिए खड़े थे.

bungee jumping accident girl

मारिया का कूदने से ठीक पहले का आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट.
Photo Credit: Instagram

हादसे पर मारिया की मां ने तोड़ी चुप्पी

इस हादसे के बाद मारिया की मां वाल्डेनिया पूरी तरह टूट चुकी हैं. उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए उस रस्सी को 'शापित और कलंकित' बताया है जिसे स्टाफ लगाना भूल गया था. 

'बिना परमिशन के बंजी जंपिंग करवा रही थी कंपनी'

इस बीच ब्राजीलियाई सांसद एंड्रिया डेंटास लेवी ने एक और बड़ा खुलासा किया है. उनके मुताबिक, जो कंपनी पुल से ये जंप करवा रही थी, उसके पास वहां मौजूद रहने की परमिशन तक नहीं थी. फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:- E100 से भी चलेगी Hero Splendor, एथनॉल बाइक खरीदने वालों को परेशान होने की जरूरत नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bungee Jumping Accident, Viral Video, World News, Brazil News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com