विज्ञापन

जंग पर जुआ खेल रहे ट्रंप के सैनिक! वेनेजुएला मिशन के जवान ने खुफिया जानकारी से कमाए 4 करोड़, अब गिरफ्तार

Betting on War: 38 साल के इस सैनिक ने वेनेजुएला में अमेरिकी सेना के ऑपरेशन की योजना बनाने और उसे अंजाम करने में मदद की थी और इस वजह से उसके पास सभी गोपनीय जानकारी थी. 

जंग पर जुआ खेल रहे ट्रंप के सैनिक! वेनेजुएला मिशन के जवान ने खुफिया जानकारी से कमाए 4 करोड़, अब गिरफ्तार
वेनेजुएला मिशन के जवान ने खुफिया जानकारी से कमाए 4 करोड़, अब गिरफ्तार

जो शक था वही हुआ. अमेरिकी सरकार और सेना के अंदर ही ऐसे लोग पाए गए हैं जो जंग को कमाई का जरिया बना रहे हैं, मिलिट्री मिशन से जुड़ी गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल करके जुए में दांव लगा रहे हैं, मोटी कमाई कर रहे हैं. अब तक तो ऐसे आरोप लग रहे थे लेकिन अब यह पूरी तरह सामने आ गया है. अमेरिका में एक ऐसे ही सैनिक को गिरफ्तार किया गया है. अमेरिका के न्याय विभाग ने गुरुवार, 23 अप्रैल को कहा कि वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के लिए चलाए गए अमेरिकी ऑपरेशन से जुड़े एक सैनिक ने बेटिंग ऐप पर गोपनीय जानकारी का इस्तेमाल करके दांव लगाया और बड़ी कमाई की.

इस सैनिक की पहचान 38 वर्षीय गैनन केन वान डाइक के रूप में हुई है जो उत्तरी कैरोलिना के फेयेटविले से आता है. इस सैनिक ने कथित तौर पर वेनेजुएला की राजधानी काराकस में अमेरिकी सेना के पहुंचने और मादुरो को पद से हटाने से जुड़े रिजल्ट पर दांव लगाने के बाद ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म पॉलीमार्केट का उपयोग करके 400,000 डॉलर से अधिक कमाए. भारतीय करेंसी में यह रकम 4 करोड़ के आसपास बैठती है. सैनिक ने इस सैन्य ऑपरेशन की योजना बनाने और उसे अंजाम करने में मदद की थी और इस वजह से उसके पास सभी गोपनीय जानकारी थी. 

बता दें कि अमेरिकी सेना ने इस साल 3 जनवरी को वेनेजुएला की राजधानी में सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया था. इसमें पूर्व राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को गिरफ्तार कर लिया गया और ड्रग्स की तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए उन्हें उठाकर न्यूयॉर्क ले गए.

सैनिक पर तीन मामले चलेंगे

कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने एक बयान में कहा कि, "हमारे वर्दीधारी पुरुषों और महिलाओं (सेना से जुड़े) को अपने मिशन को पूरा करने के लिए गोपनीय जानकारी पर भरोसा है... ऐसे में निजी तौर पर पैसा कमाने के लिए इस अत्यधिक संवेदनशील जानकारी का उपयोग करने से बैन किया गया है." 

न्याय विभाग के अनुसार, वैन डाइक पर वायर धोखाधड़ी का एक मामला, गैरकानूनी पैसे लेनदेन का एक मामला और कमोडिटी एक्सचेंज एक्ट का उल्लंघन करने का तीन मामला है. यदि सभी मामलों में दोषी ठहराया जाता है, तो उसे अधिकतम 50 साल जेल की सजा हो सकती है.

यह भी पढ़ें: अमेरिका के जुआ बाजार में पायटल की जान पर लग रहा था दांव, जंग को ATM बना रहा बेटिंग ऐप

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com