- अमेरिका और ईरान की जंग के दौरान कई लोग युद्ध से संबंधित घटनाओं पर जुआ खेलकर पैसे कमा रहे थे
- पायलट के बचाए जाने के समय पर बेटिंग ऐप पॉलिमार्केट पर दांव लगाने को अमेरिकी सांसद सेथ मोल्टन ने घिनौना बताया
- पॉलिमार्केट ने इस तरह की बेटिंग को तुरंत बंद कर दिया और जांच शुरू करने की बात कही
Betting on US Iran War: किसी भी जंग के बीच इंसानों का सबसे घिनौना, क्रूर और अमानवीय चेहरा सामने आता है- चाहे वो जंग के मैदान में हो या फिर वहां के करोड़ों मील दूर किसी दफ्तर में. अमेरिका और ईरान की जंग के बीच भी यही देखने को मिल रहा है. एक तरफ इस जंग में हजारों निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं तो वहीं कई लोग ऐसे भी हैं जो इस जंग पर जुआ खेल रहे हैं. अब तक तो एक महीने से इस बात पर दांव (बेटिंग) लग रहा था कि जंग कब किस करवट लेगी, कब कहां हमला होगा, कब कौन निशाने पर होगा, कब सीजफायर होगा और कब शेयर मार्केट छलांग लगाएगा या गोता मारेगा. लेकिन अब यह भी पता चला है कि ईरान में फंसे अमेरिकी पायलट को कब तक रेस्क्यू किया जाएगा, लोग इसपर भी दांव लगा रहे थे और पैसे बना रहे थे.
बता दें कि ईरान के खिलाफ अमेरिका के ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के दौरान गुरुवार देर रात एक F-15 फाइटर जेट गिर गया. F-15 ई के दोनों क्रू मेंबर ईरानी इलाके में इजेक्ट हो गए थे. एक पायलट को कुछ ही घंटों में ढूंढकर बचा लिया गया, लेकिन दूसरा पायलट लापता हो गया था. अमेरिकी पायलट लगभग दो दिनों तक पकड़ में नहीं आया फिर उसे एक बड़े फॉलो-अप मिशन में रेस्क्यू कर निकाला गया.
सवाल उठाने वाले सांसद रह चुके हैं सैनिक
यह आलोचना मैसाचुसेट्स के डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि सेथ मोल्टन की तरफ से आई. सेथ मोल्टन ने 2003 से 2008 के बीच इराक में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के साथ सेवा की थी और उन्हें दो ब्रॉन्ज स्टार मेडल मिले थे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट लिखकर कहा कि गिराए गए पायलटों की किस्मत पर दांव लगाना “बहुत घिनौना” है.
जब जेट गिरा था तब पहले पायलट को सात घंटे के अंदर बचा लिया गया था. इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को आधी रात के थोड़ी देर बाद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करके दूसरे पायलट के बचाए जाने की घोषणा की. लेकिन इनके बीच कुछ समय के लिए पॉलीमार्केट ने अपने यूजर्स को इस बात पर दांव लगाने की अनुमति दी थी कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन का समय क्या होगा. ज्यादातर लोग दांव लगा रहे थे कि यह रेस्क्यू शनिवार तक हो जाएगा.
जब सेथ मोल्टन को पता चला कि प्लेटफॉर्म ऐसे दांव लगाने की अनुमति दे रहा है, तो उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई. जब पायलट को ढूंढने और बचाने का अभियान चल रहा था, तब मोल्टन ने एक्स पर लिखा: “उनकी सुरक्षा के बारे में कुछ पता नहीं है… और लोग इस पर दांव लगा रहे हैं कि उन्हें बचाया जाएगा या नहीं. यह बहुत घिनौना है.”
इसके जवाब में पॉलीमार्केट के एक्स अकाउंट ने लिखा: “हमने इस बेटिंग को तुरंत हटा दिया है क्योंकि यह हमारे ईमानदारी के मानकों के अनुसार नहीं है. इसे पोस्ट नहीं किया जाना चाहिए था, और हम जांच कर रहे हैं कि यह हमारी आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था से कैसे बच के निकल गया.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं