विज्ञापन

ईरान को मिलने लगा होर्मुज से टोल, पहला पेमेंट कैश में मिला और बैंक में जमा भी हो गया

US Iran War and Hormuz Blockade: ईरान के सेंट्रल बैंक ने पुष्टि की है कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर लगाए गए नए ट्रांजिट टोल से मिलने वाला पैसा अकाउंट में जमा हो गया है.

ईरान को मिलने लगा होर्मुज से टोल, पहला पेमेंट कैश में मिला और बैंक में जमा भी हो गया
US Iran War: ईरान को मिलने लगा होर्मुज से टोल

US Iran War and Hormuz Blockade: ईरान ने जंग के संकट को आपदा में अवसर बना लिया है. ईरान ने जंग के बीच होर्मुज की नाकेबंदी करके टोल वसूलना शुरू किया है और उसे इस टोल की पहली पेमेंट कैश में मिली है, और यह ईरान के सेंट्रल बैंक में जमा भी हो चुका है. यह दावा ईरान की तरफ से किया जा रहा है. ईरान के सेंट्रल बैंक ने पुष्टि की है कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर लगाए गए नए ट्रांजिट टोल से मिलने वाला पैसा सफलतापूर्वक जमा हो गया है.

ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के अनुसार, यह पैसा “कैश करेंसी” में मिला और सेंट्रल बैंक के खातों में जमा किया गया है.  इससे यह साफ हो गया है कि पेमेंट किस रूप में हुआ है. दरअसल इससे पहले खबर आ रही थी कि ईरान यह ट्रांजिट टोल बिटकॉइन या दूसरी क्रिप्टोकरेंसी में ले रहा है.

"होर्मुज पर केवल ईरानी जनता का अधिकार है"

इस रिपोर्ट के अनुसार ईरान की संसद के उपाध्यक्ष हमीदरेजा हाजीबाबाई ने भी कहा कि होर्मुज से मिलने वाली पहली कमाई पहले ही सेंट्रल बैंक के खाते में जमा हो चुकी है.

कुहदश्त में एक जनसभा में बोलते हुए हाजीबाबाई ने कहा कि होर्मुज ईरान की जनता का है और इस पर किसी बाहरी देश को बात करने का अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा, “इस रास्ते से गुजरने वाले सभी जहाजों को ईरानी रियाल में टोल देना होगा. यह ईरान के समुद्री क्षेत्र का उपयोग करने के बदले सही फीस है.” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर अमेरिका अपनी आक्रामक नीतियां जारी रखता है, तो ईरान किसी भी जहाज को होर्मुज से गुजरने नहीं देगा.

उन्होंने आगे कहा, “अब तक दो नियम तोड़ने वाले जहाजों को पकड़ा जा चुका है, और जरूरत पड़ने पर यह संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि ईरान की संप्रभुता की रक्षा हो सके.” संसद उपाध्यक्ष ने कहा कि होर्मुज पर ईरान का कंट्रोल विदेशी प्रभाव के खिलाफ देश के विरोध का बड़ा नतीजा है. उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत के कारण अमेरिका के युद्धपोत 200 किलोमीटर पीछे हट गए हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि दुनिया का लगभग 20 प्रतिशत तेल और 35 प्रतिशत गैस इसी होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरती है. इससे यह पता चलता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में ईरान की कितनी बड़ी भूमिका है.

यह भी पढ़ें: ट्रंप की नाकेबंदी में सेंध! रोक के बावजूद ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' से निकाला 1 करोड़ बैरल से ज्यादा तेल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com