मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने दावा किया है कि ईरान को परमाणु शक्ति बनने से रोकने के मुद्दे पर वे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरी तरह एकमत हैं. नेतन्याहू ने चेतावनी दी कि अगर उन्होंने पिछले तीन दशकों से ईरान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय लड़ाई न लड़ी होती, तो ईरान बहुत पहले ही इजराइल को तबाह करने के लिए एटम बम बना चुका होता. नेतन्याहू ने कहा कि जब तक वो प्रधानमंत्री हैं तब तक तो ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार नहीं होने देंगे.
'ईरान नहीं बना पाएगा परमाणु हथियार'
बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, "जब तक मैं इजरायल का प्रधानमंत्री हूं, ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा. इस बात पर राष्ट्रपति ट्रंप और मेरी सोच बिल्कुल एक जैसी है. मैं पिछले 30 साल से भी ज्यादा समय से दुनिया भर में ईरान के परमाणु प्रोग्राम का विरोध कर रहा हूं. अगर मैंने यह लड़ाई न लड़ी होती, तो इजरायल को मिटाने के लिए ईरान बहुत पहले ही परमाणु बम बना चुका होता."

ईरान के परमाणु प्रोग्राम के खिलाफ हैं अमेरिका और इजरायल
ईरान का खिलाफ चल रहे अमेरिका-इजरायल के युद्ध की सबसे बड़ी वजह परमाणु प्रोग्राम ही है. ईरान सालों से अपने परमाणु प्रोग्राम पर काम कर रहा है. वहीं अमेरिका हमेशा इसका विरोध करता रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुले मंच से कई बार कह चुके हैं कि वे ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे. हाल ही में उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ टकराव खत्म होने के करीब है और उन्होंने ऐलान किया कि तेहरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को 'किसी न किसी तरह' रोका जाएगा.
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान को परमाणु हथियार संपन्न देश बनने से रोकने का अपना मकसद काफी हद तक हासिल कर लिया है. ट्रंप ने कहा कि हमें परमाणु हथियार के खतरे को खत्म करना था. हम ऐसा नहीं होने देने वाले थे. उन्होंने आगे कहा कि हमने इसे काफी हद तक पूरा कर लिया है, आप देखेंगे, और किसी न किसी तरह, यह काम पूरा हो गया है. उन्होंने कहा कि या तो यह किसी समझौते से खत्म होगा या फिर किसी मुश्किल तरीके से.
यह भी पढ़ें; एक तरफ डील की बात दूसरी तरफ ट्रंप ने ऐसे दावे को किया खारिज, भारतीय जहाजों पर हमले की भी निंदा की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं