- चीन में साल का सबसे शक्तिशाली तूफान टाइफून डॉल्फिन आया है, 6 हजार किमी का सफर तय करने भी यह कमजोर नहीं हुआ
- हुबेई प्रांत में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के खतरे के कारण कई पर्यटन स्थल बंद और निर्माण कार्य रोके गए हैं
- बीजिंग में अगले 24 घंटे में साल भर की बारिश का एक-तिहाई से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है
चीन में आए इस साल के सबसे ताकतवर तूफान ने तबाही मचा रखी है. टाइफून डॉल्फिन अब समुद्र से निकलकर देश के अंदर तक पहुंच गया है. यह मंगलवार को मध्य चीन के हुबेई प्रांत में और अंदर तक पहुंचा. इसके खतरे को देखते हुए कई पर्यटन स्थल बंद कर दिए गए हैं और निर्माण के काम रोक दिए गए हैं. कई इलाकों में पहले ही बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. एक्सपर्ट मान रहे हैं कि राजधानी बीजिंग में मंगलवार देर रात से शुरू होकर 24 घंटे के दौरान साल भर में होने वाली बारिश का एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा बरसेगा. सैंकड़ों फ्लाइट कैंसिल कर दिए गए हैं. मौसम विभाग ने खासकर पहाड़ी इलाकों में बहुत तेज बारिश, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बताया है.
6 हजार किमी का सफर तय कर चीन पहुंचा तूफान
टाइफून डॉल्फिन इस साल चीन से टकराने वाला सबसे ताकतवर तूफान है. इसकी खास बात यह है कि यह तूफानी सिस्टम करीब 6,000 किलोमीटर का लंबा सफर तय करने के बाद भी काफी मजबूत बना रहा. चीन के तट से टकराने के बाद इसने देश के पूर्वी हिस्से में जमकर बारिश कराई और हालात बाढ़ जैसे बन गए हैं.
Severe flooding caused by Tropical Storm Dolphin hits Shanghai, China 🇨🇳 (10.08.2026) pic.twitter.com/lYj8oySEoX
— Disaster News (@Top_Disaster) August 10, 2026
हुबेई चीन का एक बड़ा कार और हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने वाला केंद्र है. यहां 5.8 करोड़ से ज्यादा लोग रहते हैं. पिछले महीने भी टाइफून मेसाक के बाद हुबेई में दो दुर्लभ बवंडर आए थे. इस तूफान में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी. मंगलवार को चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट फिर जारी किया. यह देश में भारी बारिश के लिए दूसरा सबसे बड़ा चेतावनी स्तर है. उत्तर-पश्चिमी हुबेई में 24 घंटे के दौरान 250 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है.
Massive flooding due to extreme rainfall in Wuxi, Jiangsu, China 🇨🇳 pic.twitter.com/2Nyakb55GA
— Disaster News (@Top_Disaster) August 10, 2026
बाढ़ और भूस्खलन के डर के बीच, वीकेंड में पूर्वी चीन में दस लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया. झेजियांग प्रांत के तटीय शहर वेनझोउ ने बताया कि उसने 9 लाख से ज्यादा लोगों को दूसरी जगहों पर पहुंचाया और 1500 से ज्यादा इमरजेंसी शेल्टर खोले. पड़ोसी प्रांत फुजियान में 98,900 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया. शंघाई में, रविवार शाम तक उन इलाकों से 2,15,600 लोगों को हटाया गया जिन्हें जोखिम वाला माना जा रहा था.
बीजिंग में भी तेज बारिश का खतरा
हुबेई के पश्चिमी हिस्से में पहाड़ों से टकराने के बाद डॉल्फिन की हवाएं ऊपर की ओर उठेंगी. इससे बारिश कई गुना ज्यादा तेज हो सकती है. पड़ोसी हेनान प्रांत में भी अधिकारियों ने अचानक आने वाली बाढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. तूफान नमी को उत्तर की ओर ले जा रहा है, जिससे वहां भी भारी बारिश का खतरा बढ़ गया है.

डॉल्फिन का असर हुबेई से 1,000 किलोमीटर से ज्यादा दूर बीजिंग तक देखने को मिल सकता है. राजधानी के बाहरी हिस्सों के चार जिलों ने बाढ़ से निपटने के लिए लेवल-1 इमरजेंसी रिस्पॉन्स शुरू कर दिया है. बीजिंग में मंगलवार देर रात से 24 घंटे के दौरान साल भर में होने वाली कुल बारिश की एक-तिहाई से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है. इसी वजह से शहर भारी बारिश के लिए तैयार हो रहा है.

उधर, जापान में भी भूस्खलन, बाढ़ और तेज हवाओं का खतरा है. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया है कि टाइफून नंबर 15 चान-होम मंगलवार देर तक जापान के मुख्य भू-भाग से होकर गुजर सकता है.
यह भी पढ़ें: लॉन्च के 85 सेकेंड बाद जोरदार धमाका, आग का गोला बना चीन का बाहुबली रॉकेट- VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं