- कनाडा के एबॉट्सफोर्ड में पंजाबी सिंगर एम्मी विर्क की गाड़ी पर कॉन्सर्ट के बाद फायरिंग हुई थी
- पुलिस के अनुसार मैक्कलम रोड इलाके में गाड़ी को निशाना बनाकर करीब सात राउंड फायरिंग की गई थी
- एम्मी विर्क के परिवार ने फायरिंग की खबर का खंडन करते हुए कहा कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं
कनाडा में पंजाबी सिंगर और एक्टर एम्मी विर्क की गाड़ी पर फायरिंग हुई है. एक कॉन्सर्ट के बाद यह हमला हुआ. यह घटना ब्रिटिश कोलंबिया के एबॉट्सफोर्ड इलाके की है. फायरिंग उस वक्त हुई, जब एम्मी विर्क अपना कॉन्सर्ट खत्म करके वहां से निकल रहे थे. पुलिस के मुताबिक शनिवार की रात करीब 11 बजे एबॉट्सफोर्ड के मैक्कलम रोड इलाके में एम्मी विर्क की गाड़ी को निशाना बनाया गया. हालांकि दूसरी तरफ एम्मी विर्क के पिता ने इस खबर का खंडन किया है और कहा है कि हमला एम्मी विर्क पर नहीं हुआ है. एम्मी और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि गहरे रंग की एक SUV में सवार कुछ लोगों ने दूसरी गाड़ी पर गोलियां चलाई थीं. अच्छी बात रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. वैसे घटना के कुछ ही मिनट बाद पुलिस को करीब पांच किलोमीटर दूर सनीसाइड प्लेस इलाके में एक गाड़ी में आग लगने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक SUV पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी. अब जांच अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि मैक्कलम रोड पर हुई फायरिंग और SUV में लगी आग, दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है या नहीं.
हालांकि, एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि गाड़ी में कौन-कौन लोग मौजूद थे. कनाडा पुलिस ने प्राइवेसी का हवाला देते हुए एम्मी विर्क की मौजूदगी पर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का शुरुआती आकलन है कि यह फायरिंग किसी को खास तौर पर निशाना बनाकर की गई हो सकती है. मामले की जांच एबॉट्सफोर्ड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट कर रही है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास घटना से जुड़ी कोई जानकारी है या मैक्कलम रोड इलाके में लगे डैशकैम की कोई रिकॉर्डिंग है, तो वह पुलिस से संपर्क करे. फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. पुलिस हमले के पीछे की वजह यानी मोटिव का पता लगाने में जुटी है
वहीं एम्मी विर्क के परिवार का दावा है कि उन पर फायरिंग नहीं हुई है. बल्कि फायरिंग जिसने शो करवाया था उस ऑर्गनाइजर्स के काफिले पर हुई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं