विज्ञापन

VIDEO: अमेरिका में भी बुलडोजर एक्शन हिट! 'आतंक' फैलाने वाली 200 मोटरसाइकिल को पुलिस ने किया चकनाचूर

America Viral Video: न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने कहा कि 2026 की शुरुआत से अब तक कम से कम 5,700 “खतरनाक गैरकानूनी गाड़ियां” जब्त की जा चुकी हैं.

VIDEO: अमेरिका में भी बुलडोजर एक्शन हिट! 'आतंक' फैलाने वाली 200 मोटरसाइकिल को पुलिस ने किया चकनाचूर
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 'आतंक' फैलाने वाली 200 मोटरसाइकिल को पुलिस ने किया चकनाचूर

अमेरिका के न्यूयॉर्क की सड़कों पर तेज रफ्तार और गैरकानूनी स्कूटरों का आतंक इतना बढ़ गया कि अब पुलिस ने उन पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया है. शहर में अपराध, लूटपाट और गोलीबारी की घटनाओं में इस्तेमाल हो रहे अवैध मोपेड और बाइक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने 200 से अधिक मोटरबाइक को कुचल दिया. हाल ही में एक 7 महीने के बच्चे की मौत के बाद यह अभियान और तेज कर दिया गया है. यह कार्रवाई शहर में गैरकानूनी और बिना रजिस्ट्रेशन वाली बाइकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है.

NYPD ने कहा कि 2026 की शुरुआत से अब तक कम से कम 5,700 “खतरनाक गैरकानूनी गाड़ियां” जब्त की जा चुकी हैं. यह संख्या 2025 की इसी अवधि के मुकाबले 10 प्रतिशत ज्यादा है. यह कार्रवाई 1 अप्रैल को ब्रुकलिन में हुई एक ड्राइव-बाय शूटिंग के बाद सामने आई, जिसमें 7 महीने के एक बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई थी. इस घटना के आरोपी गैरकानूनी मोपेड पर बैठकर मौके से फरार हो गए थे.

काम की बात-मोपेड (Moped) एक हल्का, दोपहिया मोटरयुक्त वाहन है जो साइकिल और मोटरसाइकिल का मिला-जुला रूप होता है. यह आमतौर पर 50cc या उससे कम क्षमता वाले छोटे इंजन (या इलेक्ट्रिक मोटर) से चलता है.

स्टेटन आइलैंड में सफाई विभाग के गैरेज में हुई इस “क्रश” कार्रवाई में सिर्फ उन 5,700 गैरकानूनी मोपेड और स्कूटरों का छोटा हिस्सा शामिल था, जिन्हें इस साल अब तक NYPD अधिकारियों ने जब्त किया है. पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने कहा कि पिछले साल के मुकाबले जब्ती की संख्या लगभग 10 प्रतिशत बढ़ी है.

जेसिका टिश ने कहा, “ये गैरकानूनी मोपेड और स्कूटर पूरे शहर में लगातार सार्वजनिक सुरक्षा की समस्या बन गए हैं और अक्सर अपराध करने में इस्तेमाल किए जाते हैं.” इसके बाद एक बुलडोजर कई रंगों वाले इन वाहनों के ऊपर बार-बार चला, जिससे उनके सस्ते प्लास्टिक और धातु के ढांचे टूट गए.

बता दें कि न्यूयॉर्क शहर में मोपेड चलाना कानूनी है, लेकिन इसके लिए सही रजिस्ट्रेशन, बीमा और मालिक के पास लाइसेंस होना जरूरी है. लेकिन बहुत से लोग ये नियम नहीं मानते. गैरकानूनी मोपेड के झुंड, जिनमें कुछ ऐसे गिरोह भी शामिल हैं जो झपटमारी करते हैं, शहर की सड़कों पर तेजी से बढ़ने लगे थे और न्यूयॉर्क के लोगों में डर पैदा कर रहे थे. इसी वजह से पूर्व मेयर एरिक एडम्स के कार्यकाल में लगातार सख्त अभियान चलाए गए.

मोपेड की जब्ती और फिर समय-समय पर उन्हें कुचलने की कार्रवाई अब मेयर जोहरान ममदानी के कार्यकाल में भी जारी है, क्योंकि अपराधियों पर इसका असर होता नहीं दिख रहा है.

यह भी पढ़ें: चीन के कर्ज जाल में और फंसा पाकिस्तान! पहली बार जारी किया पांडा बॉन्ड, डॉलर नहीं युआन में मिलेगी उधारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com