विज्ञापन

सेशेल्स में करीब 250 किलो वजन वाले कछुओं की आबादी पहुंची 1,80,000; कभी होने वाले थे विलुप्त

दुनिया में आजादी से घूमने वाले विशाल कछुओं की सबसे बड़ी आबादी पर किए गए एक सर्वे से पता चला है कि यह प्रजाति सेशेल्स के एक द्वीप एल्डाबरा एटोल पर रहती है.

सेशेल्स में करीब 250 किलो वजन वाले कछुओं की आबादी पहुंची 1,80,000; कभी होने वाले थे विलुप्त
दुनिया का सबसे उम्रदराज कछुआ जोनाथन. (फोटो क्रेडिट-सीएनएन)
  • 19वीं सदी में अधिक शिकार के कारण एल्डाबरा कछुओं की संख्या एक हजार से कम रह गई थी, लेकिन संरक्षण से बढ़ी है
  • एल्डाबरा कछुए बड़े आकार के होते हैं, वयस्क नर का वजन 250 किलोग्राम तक और कवच की लंबाई चार फीट तक होती है
  • दुनिया के सबसे उम्रदराज कछुए जोनाथन की आयु लगभग 194 वर्ष है और वह सेंट हेलेना द्वीप पर रहता है

सेशेल्स की इंसानी आबादी करीब सवा लाख बताई जाती है. मगर यहां के एक द्वीप पर 250 किलो वजन वाले कछुओं की आबादी करीब  1,80,000 पहुंच गई है. इनका नाम है एल्डाबरा. कभी ये विलुप्त होने की कगार पर थे.  19वीं सदी में इनके बहुत ज्यादा शिकार की वजह से द्वीप पर 1,000 से भी कम एल्डाबरा कछुए बचे थे, लेकिन एक रिकवरी प्रोग्राम की वजह से 1981 में इसे एक सख्त नेचर रिज़र्व और 1982 में यूनेस्को साइट का दर्जा मिला. रिसर्चर अब कह रहे हैं कि यह हिंद महासागर में संरक्षण की सबसे बड़ी सफल कहानियों में से एक है और नई स्टडी ने इसकी पुष्टि भी की है.

कितने बड़े होते हैं ये कछुए

नर कछुए मादाओं की तुलना में काफी बड़े होते हैं. एक वयस्क नर का वजन 250 किलोग्राम या उससे अधिक तक हो सकता है. इनके ऊपरी कवच की लंबाई 4 फीट तक हो सकती है. यह पृथ्वी पर सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले रीढ़धारी जीवों में से एक हैं. इनकी औसत आयु 100 से 150 वर्ष या उससे अधिक होती है. हालांकि, मादा एल्बाडोर 170 से 180 किलो की होती हैं. ये कछुए ज्यादातर घास, पत्तियां, फूल और झाड़ियां खाते हैं. हालांकि, कभी-कभी इन्हें अवसर मिलने पर मरे हुए जीवों का मांस खाते हुए भी देखा गया है. 

अभी सबसे उम्रदराज कछुआ कौन सा

वर्तमान में दुनिया का सबसे उम्रदराज 'जोनाथन' नाम का एक कछुआ है. इसकी अनुमानित आयु 194 वर्ष है और वह सेंट हेलेना द्वीप पर रह रहा है.माना जाता है कि 194 साल का जोनाथन एक 'एल्डाबरा जाइंट कछुआ' है. यह प्रजाति हिंद महासागर में सेशेल्स के द्वीपों की मूल निवासी है और उसने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय दक्षिण अटलांटिक के दूर-दराज द्वीप सेंट हेलेना पर बिताया है, जो एक ब्रिटिश विदेशी क्षेत्र है. 

संख्या बढ़ने के बारे में कैसे पता चला

दुनिया में आजादी से घूमने वाले विशाल कछुओं की सबसे बड़ी आबादी पर किए गए एक सर्वे से पता चला है कि यह प्रजाति सेशेल्स के एक द्वीप एल्डाबरा एटोल पर रहती है. सेशेल्स आइलैंड्स फ़ाउंडेशन (SIF) और यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सेटर की अगुवाई में किए गए हालिया सर्वे से पता चला है कि द्वीप पर लगभग 1,80,000 कछुए रहते हैं. यह इस प्रजाति के लिए अब तक दर्ज की गई सबसे बड़ी संख्या है और सेशेल्स की इंसानी आबादी से भी कहीं ज्यादा है. यह नया आंकड़ा उस टीम को मिला जिसने 2018 और 2022 के बीच कछुओं की गिनती के पांच साल के डेटा का विश्लेषण किया. 1990 के दशक के आखिर में बताए गए 1,00,000 कछुओं के आंकड़े के बाद यह पहला अपडेट है.

एल्डाबरा एटोल दुनिया की उन सिर्फ दो जगहों में से एक है, जहां विशाल कछुए प्राकृतिक रूप से पाए जाते हैं; इनकी एक छोटी आबादी गैलापागोस में भी रहती है. SIF की CEO डॉ. फ्रौके फ्लीशर-डोगली ने कहा, “हमारे एटोल पर 1,80,000 से ज्यादा विशाल कछुओं का आजादी से घूमना इस बात का सबूत है कि संरक्षण के प्रति लंबे समय तक की गई कोशिशों से क्या हासिल किया जा सकता है. यह सेशेल्स, दुनिया और उन सभी लोगों के लिए बहुत अच्छी खबर है जिन्होंने एल्डाबरा की सुरक्षा के लिए काम किया है.”

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में सीजेपी प्रोटेस्ट की दुनिया के चुनिंदा देशों में खास चर्चे, कइयों ने दिया पल-पल का अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aldabra Tortoise
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com