विज्ञापन
This Article is From Dec 20, 2015

बम की अफवाह के बाद एयरफ्रांस के विमान की केन्या में इमरजैंसी लैंडिंग

बम की अफवाह के बाद एयरफ्रांस के विमान की केन्या में इमरजैंसी लैंडिंग
विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया था (फोटो : एपी)
नैरोबी: कार्डबोर्ड और घड़ी से बने एक संदिग्ध उपकरण ने एयरफ्रांस के विमान में बम की अफवाह फैला दी और उसे आपात स्थिति में केन्या में उतरने को मजूबर कर दिया।

बोइंग 777 मॉरीशस से 459 यात्रियों और चालक दल के 14 सदस्यों को लेकर पेरिस जा रहा था। उसी दौरान एक यात्री ने चालक दल के सदस्य को शौचालय में पड़ी इस वस्तु की जानकारी दी।

एयरफ्रांस के मुख्य कार्यकारी फ्रेडरिक गैगी ने पेरिस में संवाददाता सम्मेलन के दौरान बताया, विश्लेषण के बाद पता चला है कि यह (बम की अफवाह) गलत सूचना थी। उन्होंने कहा, फिलहाल हमारे पास जितनी भी सूचनाएं उपलब्ध हैं, दिखाती हैं कि उपकरण ऐसा विस्फोट करने में सक्षम नहीं था, जिससे विमान को क्षति पहुंच सके, बल्कि वह कार्डबोर्ड, कागज के टुकड़ों और टाइमर से बना हुआ था। उन्होंने कहा, 'नतीजा' यह है कि शौचालय के आलमारी में वह वस्तु एक यात्री ने रखी थी।

नवंबर में पेरिस में हुए हमलों में 130 लोगों की मौत के बाद से ही फ्रांस हाई अलर्ट पर है और अतिरिक्त सुरक्षा सतर्कता बरतने वाले देशों में शामिल है।

पेरिस हमलों की जिम्मेदारी लेने वाले इस्लामिक स्टेट ने जब से अक्टूबर में मिस्र में रूसी विमान को मार गिराने की बात कही है, विमानन कंपनियां काफी परेशान हैं। इस रूसी विमान हादसे में उसमें सवार सभी 224 लोग मारे गए थे। गैगी ने कहा कि हमलों के बाद से अमेरिका में एयरफ्रांस के विमानों में तीन बार बम होने की अफवाह आई है। विमान एयरफ्रांस 463 ने शनिवार रात नौ बजे मॉरीशस से उड़ान भरी और उसे सुबह 5 बजकर 50 मिनट पर पेरिस पहुंचना था।

केन्या पुलिस के प्रवक्ता चार्ल्स ओविनो ने बताया कि विमान ने रात 12 बजकर 37 मिनट पर केन्या के मोमबासा शहर के मोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरने की अनुमति मांगी। ओविनो ने कहा, विमान के शौचालय में बम जैसा एक संदिग्ध यंत्र बरामद होने के बाद आपात लैंडिंग कराए जाने का अनुरोध किया गया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com