विज्ञापन

कनाडा में वसूली को बना लिया अपना धंधा, गोलीबारी के बाद पुलिस ने 3 भारतीयों को किया गिरफ्तार

Canada Crime: कनाडा के सरे शहर में हाल के महीनों में वसूली से जुड़ी हिंसा के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. गिरफ्तार हुए तीनों भारतीय में से दो की उम्र 21-21 साल है जबकि तीसरे की महज 19 साल.

कनाडा में वसूली को बना लिया अपना धंधा, गोलीबारी के बाद पुलिस ने 3 भारतीयों को किया गिरफ्तार
कनाडा में सरे में तीन भारतीय लोगों को गिरफ्तार किया गया
  • कनाडा के सरे में हुई गोलीबारी की घटना में तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है
  • गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजोत सिंह, तरनवीर सिंह और दयाजीत सिंह के रूप में हुई है
  • पुलिस ने आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं ताकि गवाह या अन्य संबंधित लोग सामने आ सकें

कनाडा में सरे में गोलीबारी की घटना के सिलसिले में तीन भारतीय लोगों को गिरफ्तार किया गया है. तीनों लोगों पर अवैध हथियार रखने और उसके इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है. तीनों को 5 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. दरअसल 1 फरवरी की दोपहर सरे पुलिस को गोलीबारी और एक छोटी सी आग लगने के बारे में सूचना मिली. पुलिसकर्मी, जो उस समय प्रोजेक्ट एश्योरेंस के हिस्से के रूप में सरे के क्रिसेंट बीच पड़ोस में गश्त कर रहे थे, क्राइम सीन पर पहुंचे और जल्द ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

प्रोजेक्ट एश्योरेंस एक पहल है जिसमें पुलिस जबरन वसूली और उससे संबंधित गोलीबारी के टारगेट पर रहने वाले रिहायसी और व्यावसायिक क्षेत्रों में गश्त करती है. तीनों आरोपी भारत के रहने वाले हैं. हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि ये किस गैंग से जुड़े हैं.

तीनों आरोपियों की पहचान हरजोत सिंह (21 साल), तरनवीर सिंह (19 साल) और दयाजीत सिंह (21 साल) के रूप में हुई है. तीनों पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया गया है, जो कनाडा के क्रिमिनल कोड के तहत एक बड़ा अपराध है और इसमें लंबी सजा का प्रावधान है. पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी भारतीय नागरिक हैं और इस मामले की जानकारी कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी को भी दे दी गई है. दोष सिद्ध होने पर इसका असर उनकी इमिग्रेशन स्थिति पर भी पड़ सकता है.

जांच एजेंसियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं.

आरोपियों की तस्वीर जारी

एक अहम कदम उठाते हुए, पुलिस ने तीनों आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक कर दी हैं. पुलिस का कहना है कि ऐसा तभी किया जाता है जब उन्हें लगता है कि इससे गवाह, पीड़ित या आरोपी से जुड़े लोग सामने आ सकते हैं.

आपको बता दें कि सरे शहर में हाल के महीनों में वसूली से जुड़ी हिंसा के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. पुलिस के मुताबिक इस साल अब तक 46 वसूली के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें 11 मामलों में फायरिंग और एक आगजनी की घटना शामिल है. चौंकाने वाली बात यह है कि आधे से ज्यादा पीड़ितों को बार-बार निशाना बनाया गया. हालात को लेकर लोगों में नाराजगी है और इसी हफ्ते शहर में कई विरोध प्रदर्शन भी हुए, जहां संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई.

फिलहाल तीनों आरोपी 5 फरवरी 2026 तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे. सरे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी या डैशकैम फुटेज है, तो वे पुलिस से संपर्क करें. वसूली से जुड़े मामलों में जानकारी देने वालों के लिए ढाई लाख कनाडाई डॉलर का इनाम भी घोषित है, जो सितंबर 2025 से लागू है.

यह भी पढ़ें: क्या गैंगवार में हुई कनाडा में दिलराज गिल की हत्या, क्या है इस हत्याकांड से जलती कार का कनेक्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Canada, Canada Crime, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com