विज्ञापन

कनाडा के सरे में फायरिंग और आगजनी मामले में 3 भारतीय युवकों को सजा

कनाडा के सरे शहर में फरवरी 2026 में एक रिहायशी इलाके में फायरिंग और आगजनी की घटना सामने आई थी. पुलिस को तड़के सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और जांच शुरू की.

कनाडा के सरे में फायरिंग और आगजनी मामले में 3 भारतीय युवकों को सजा
3 भारतीय युवकों को सजा

कनाडा के सरे शहर में हुई एक सनसनीखेज फायरिंग और आगजनी की घटना के मामले में अदालत ने तीन युवकों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है. यह मामला फरवरी 2026 का है, जब देर रात एक रिहायशी इलाके में गोलियां चलने और एक घर के बाहर आग लगने की सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई थी. सरे पुलिस सर्विस (SPS) के मुताबिक, 1 फरवरी 2026 की सुबह करीब 3 बजकर 50 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली कि सरे के क्रेसेंट बीच इलाके में एक घर के बाहर फायरिंग हुई है और वहां छोटी सी आग भी लगी हुई है. यह घटना क्रेसेंट रोड और 132 स्ट्रीट के आसपास हुई थी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. उस समय सरे पुलिस की Project Assurance टीम इलाके में गश्त कर रही थी. पुलिस अधिकारियों ने तुरंत इलाके को सुरक्षित किया और मामले की जांच शुरू कर दी.

जांच की जिम्मेदारी SPS की Major Crime Section ने संभाली. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और आसपास लगे कैमरों, गवाहों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की. पुलिस की कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्धों को कुछ ही समय बाद 28 एवेन्यू और 140 स्ट्रीट के पास पकड़ लिया गया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 21 साल के हरजोत सिंह, 19 साल के तरनवीर सिंह और 21 साल के दयाजीत सिंह बिलिंग के तौर पर हुई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था. शुरुआती जांच में आरोप था कि इन लोगों ने ऐसी जगह पर गोली चलाई जहां किसी की जान को खतरा हो सकता था.

तरनवीर सिंह को सबसे ज्यादा सजा सुनाते हुए 5 साल की जेल

इसके बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ी और मामले से जुड़े सबूत अदालत के सामने पेश किए गए. 9 जून 2026 को तीनों आरोपियों ने सरे प्रांतीय अदालत में अपना अपराध स्वीकार कर लिया. अदालत ने तरनवीर सिंह को सबसे ज्यादा सजा सुनाते हुए 5 साल की जेल दी. उसे लापरवाही से फायरिंग करने के अपराध में दोषी पाया गया. वहीं, दयाजीत सिंह बिलिंग और हरजोत सिंह को विस्फोटक पदार्थ फेंकने के मामले में दोषी माना गया. दयाजीत को 27 महीने और हरजोत को 25 महीने की सजा सुनाई गई. दोनों की सजा में जेल में पहले बिताया गया समय भी शामिल किया जाएगा.

सरे पुलिस ने बताया कि इस पूरे मामले में उनकी क्राइम टीम और गश्ती टीम के बीच बेहतर तालमेल की वजह से आरोपियों तक जल्दी पहुंचा जा सका. पुलिस ने कहा कि घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए सबूत जुटाए गए, जिससे मामला अदालत तक मजबूत तरीके से पहुंचा. यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब कनाडा के कई इलाकों में गैंग से जुड़ी हिंसा और फायरिंग की घटनाओं को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. सरे पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाली ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें : TMC के 19 बागी सांसदों की लिस्ट जारी, यूसुफ पठान, शत्रुघ्न सिन्हा और सयोनी घोष का भी नाम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Canada News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com