Zara Hatke News: कनाडा के एक अमीर समलैंगिक कपल (Gay Couple) ने उस सरोगेट मां पर करीब 5 करोड़ रुपये ($600,000) का कोर्ट केस किया है, जिसने अपनी कोख से उनके बेटे को जन्म दिया. कपल की नाराजगी सिर्फ इतनी है कि उस महिला ने उनके कहने पर 22 हफ्ते (करीब 5 महीने) के गर्भ को गिराने से साफ मना कर दिया था.
'बच्चे का होंठ थोड़ा कटा था'
यह पूरी कहानी जून 2024 में शुरू हुई. सरोगेट मां का 22वें हफ्ते का अल्ट्रासाउंड हुआ. डॉक्टरों ने रिपोर्ट में बताया कि गर्भ में पल रहे बच्चे का होंठ थोड़ा कटा हुआ है. बस इतनी सी बात सुनकर कपल घबरा गया. उन्होंने तुरंत सरोगेट मां को एक लीगल नोटिस भेजा और कहा- 'चूंकि बच्चे में शारीरिक कमी है, इसलिए हम चाहते हैं कि तुम अबॉर्शन करा लो.'
'मैं मामूली बात के लिए बच्चे की जान नहीं लूंगी'
नेशनल पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जेल में सुरक्षा अधिकारी की नौकरी कर रहीं सरोगेट मां ने जब इस नोटिस को पढ़ा तो वो बुरी तरह से टूट गईं. उन्होंने कपल को समझाया कि अगर बच्चा ऐसा होता जो पैदा होने के बाद बच ही नहीं पाता, तो वह गर्भ गिरा देती. लेकिन सिर्फ चेहरे की एक मामूली कमी के लिए, जो पैदा होने के बाद एक छोटी सी प्लास्टिक सर्जरी से बिल्कुल ठीक हो सकती है, वह 5 महीने के जिंदा बच्चे को नहीं मार सकती.
कनाडा के कानून के मुताबिक भी, पेट में पल रहे बच्चे पर अंतिम फैसला सिर्फ उसी महिला का होता है जो प्रेग्नेंट है. कोई भी उसे जबरन अबॉर्शन के लिए मजबूर नहीं कर सकता. बाद में बड़े अस्पताल के डॉक्टरों ने भी कहा कि बच्चा पूरी तरह हेल्दी है, बस होंठ में थोड़ा कट है. इसके बाद कपल बच्चे को दुनिया में लाने के लिए राजी हो गया.
ये भी पढ़ें:- 10 मिनट में बिका डायनासोर का कंकाल, बोली इतनी बड़ी लगी कि उस कीमत में 100 Ferrari आ जाएं!
बच्चा घर ले गए, सरोगेट मां को नहीं दिए पूरे पैसे!
लेकिन, कहानी का सबसे दर्दनाक हिस्सा इसके बाद शुरू होता है. बच्चा पैदा हुआ, बिल्कुल ठीक था. कपल मुस्कुराते हुए बच्चे को अपने साथ घर ले गया और सरोगेट मां से बात करना बंद कर दिया. सरोगेट मां ने जब प्रेग्नेंसी के दौरान हुए अपने जायज मेडिकल और आने-जाने के खर्चों के करीब 8 लाख रुपये ($10,000) मांगे, तो कपल ने मुंह फेर लिया. जब मजबूर होकर महिला अपने बकाए पैसों के लिए छोटी अदालत में गई, तो बदले की भावना में आकर इस रईस कपल ने एक बहुत बड़ी लॉ फर्म के जरिए उस सिंगल मदर पर करीब 5 करोड़ रुपये का भारी-भरकम केस कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि सरोगेट मां ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया और उनकी बातें छुपाईं.
'मुझे बर्बाद करने लिए वो ऐसा कर रहे'
रोते हुए सरोगेट मां ने बताया, 'वे जानते हैं कि मैं एक सिंगल मदर हूं, मेरी एक छोटी बेटी है. वे मेरा घर बिकवाने के लिए मुझ पर मुकदमा लड़ रहे हैं. यह बेहद घटिया हरकत है. मुझे सिर्फ एक मशीन की तरह इस्तेमाल किया गया. उन्हें जैसा 'परफेक्ट' बच्चा चाहिए था, वैसा नहीं मिला तो उन्होंने मुझे बर्बाद करने की ठान ली.'
'क्या ऐसे लोग माता-पिता बनने के लायक हैं?'
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर और एक्सपर्ट जूलियट गुइचॉन ने कहा, 'यह कपल उस महिला को सजा दे रहा है जिसने उनके बेटे को जन्म दिया. सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि जो लोग एक मामूली बीमारी की वजह से अपने ही बच्चे की जान लेना चाहते थे, क्या उनका सोचना बच्चे के भविष्य के लिए सही है?'
ये भी पढ़ें:- NEET के चक्कर में घटा 10 किलो वजन, अब प्राइवेट कॉलेज से डॉक्टरी के लिए माता-पिता संपत्ति बेचने को तैयार!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं