विज्ञापन

लंदन में भारतीय मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गवाहों और CCTV फुटेज वाले लोगों से जांच जारी रखने के लिए कहा है. डिटेक्टिव्स ने कहा कि उनका मानना ​​है कि गुरभेज सिंह पर आधी रात के कुछ देर बाद एक दुकान के बाहर हमला हुआ था.

लंदन में भारतीय मूल के युवक की चाकू मारकर हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार
लंदन एम्बुलेंस सर्विस को रात करीब 12:41 बजे सूचना मिली कि नॉर्थ रोड पर डोर्मर्स वेल्स लेन के पास कुछ लोगों पर जानलेवा हमला हुआ है.

लंदन के साउथहॉल इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. यहां भारतीय मूल के एक 26 वर्षीय युवक गुरभेज सिंह की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. आधी रात को सरेराह हुए हत्या की वजह से पूरे इलाके में दहशत है.  ब्रिटिश पुलिस (मेट्रोपॉलिटन पुलिस) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया है और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए वारदात वाली जगह से ही 7 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है.

यह पूरी वारदात बुधवार देर रात की है. लंदन एम्बुलेंस सर्विस को रात करीब 12:41 बजे सूचना मिली कि नॉर्थ रोड पर डोर्मर्स वेल्स लेन के पास कुछ लोगों पर जानलेवा हमला हुआ है. जब तक पुलिस और पैरामेडिक्स की टीम मौके पर पहुंची तो सड़क पर दो युवक लहूलुहान हालत में तड़प रहे थे.

दूसरे शख्स की बच गई जान

पैरामेडिक्स ने तुरंत दोनों घायलों को बचाने की कोशिश शुरू की, लेकिन 26 साल के गुरभेज सिंह के शरीर पर चाकू के इतने गहरे जख्म थे कि उन्हें बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.  वहीं इस हमले में घायल हुए दूसरे शख्स की उम्र 30 से 40 साल के बीच बताई जा रही है. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद अब उसे छुट्टी दे दी गई है.

छह आरोपी रिहा, एक को मिली जमानत

लंदन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात की जगह से ही अलग-अलग उम्र (20 से 30 साल के बीच) के 7 पुरुषों को हत्या के शक में गिरफ्तार किया था. हालांकि, शुरुआती जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने इनमें से 6 लोगों को क्लीन चिट देते हुए रिहा कर दिया है. वहीं, सातवें आरोपी को फिलहाल जमानत पर छोड़ दिया गया है, लेकिन उसे एक तय तारीख पर दोबारा पुलिस के सामने पेश होने के निर्देश दिए गए हैं.

इस खूनी वारदात को क्यों अंजाम दिया गया? गुरभेज सिंह पर इतने गुस्से में हमला करने के पीछे क्या वजह थी? इन सब सवालों के जवाब अभी तक सामने नहीं आए हैं. पुलिस का कहना है कि हत्या की असली वजह और पूरी कड़ियों को जोड़ने के लिए तफ्तीश लगातार जारी है.

यह भी पढ़ें: Bungee jumping के शौक में गई जान, एडवेंचर कंपनी की लापरवाही; बिना रस्सी बांधे युवती को पुल से नीचे फेंका-Video

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News, Britain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com