- बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब के कारण UP में पिछले 48 घंटे से भारी वर्षा और तबाही का दौर जारी है.
- प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश हुई है, जिससे जनहानि और मकानों को नुकसान पहुंचा है.
- मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और गंभीर है.
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अर्नब ने ओड़िशा, बिहार, झारखंड के बाद अब पूरी यूपी को तर-बतर कर दिया है. यूपी में पिछले 48 घंटों से भारी बारिश का दौर जारी है. जिससे कई जगहों पर आफत मची है. यूपी के राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक परिस्थिति में आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना जिलाधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. भारी बारिश के कारण फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है. राहत आयुक्त ने फसलों को हुए नुकसान का आकलन कराकर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. राहत आयुक्त ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि फायर सर्विस, पीएसी, सिविल डिफेंस, होमगार्ड एवं आपदा मित्रों की सेवाएं आवश्यकता के अनुसार ली जाएं.
#NamasteIndia | बारिश की मार, यूपी का बुरा हाल! देखिए, कहां-कहां क्या हुआ?@RajputAditi | #AditiRajputNDTV | #UttarPradesh | #HeavyRain pic.twitter.com/VWmleqAYXL
— NDTV India (@ndtvindia) September 27, 2026
यूपी के 63 जिलों में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश
- राहत आयुक्त ने बताया कि प्रदेश के 63 जनपदों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है. पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा हुई है. फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना तथा कन्नौज, कानपुर देहात एवं हरदोई में 130 गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई है.
- उन्होंने बताया कि भदोही, देवरिया एवं अलीगढ़ में सामान्य वर्षा हुई है, जबकि गाजीपुर में सबसे कम वर्षा दर्ज की गई है. वहीं, बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर एवं हापुड़ में वर्षा नहीं हुई है.
- उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 15 जनहानि, 4 पशुहानि तथा 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है. इसके अतिरिक्त 5 व्यक्ति घायल हुए हैं.
यूपी में आज भी कई जिलों में तेज बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया. विभाग के अनुसार, रविवार को भी कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं.
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और इससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना दबाव क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है. शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे इसका केंद्र प्रयागराज से करीब 230 किलोमीटर दक्षिण में था.
प्रेस विज्ञप्ति:-उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश एवं संलग्न दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश पर अवस्थित अवदाब के प्रभाव से प्रदेश में बहुत भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना | pic.twitter.com/YG8y65AvUY
— प्रादेशिक मौसम केंद्र, लखनऊ - IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) September 26, 2026
भारी बारिश से यूपी के अलग-अलग जिलों में कई लोगों की मौत
अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई एवं कानपुर नगर में 1-1, अयोध्या में 2 और लखीमपुर खीरी में 4 जनहानियां हुई हैं. अमेठी, फर्रूखाबाद, कासगंज, मैनपुरी से एक-एक मकान गिरने की सूचना सामने आई है. बलिया, बलरामपुर, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर, वाराणसी में दो-दो मकान क्षतिग्रस्त हुए. जबकि गाजीपुर में 3, कानपुर देहात में 3, बहराइच में 5, सुल्तानपुर में 5, औरया में 7, पीलीभीत में 7, जालौन में 21, बांदा में 32 तथा हरदोई में 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं.
हेल्पलाइन नंबर 1070 पर दें सूचना
इधर भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार आगामी 36 घंटों के बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है. इसे देखते हुए राहत आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि वे अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए राहत हेल्पलाइन '1070' पर संपर्क कर सूचना दें.
यूपी राहत आयुक्त की ओर से जारी प्रेस नोट से इतर यूपी के अलग-अलग जिलों से मिली जानकारी के अनुसार स्थिति और विकराल है. गोरखपुर में भारी बारिश से दो अलग-अलग हादसों में एक महिला और किशोर समेत चार लोगों की मौत हो गई. गोरखपुर में शनिवार को दोपहर बाद हुई भारी बारिश से कहीं पेड़ उखड़ गए, तो कहीं पोल गिर गए. सड़कें तालाब में तब्दील हो गई.
शहर के पॉश इलाके समेत गली-मोहल्लों में भी लोगों की दुकानों और घरों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया. जिला प्रशासन की ओर से लोगों को किसी भी आपदा की स्थिति में मदद के लिए हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया गया है.
गोरखपुर में 12वीं तक के स्कूल-कॉलेज 26 सितंबर तक बंद
प्रशासन ने इसके पहले ही कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल-कालेज को 26 सितंबर को बंद रखने का आदेश देकर भारी बारिश और चक्रवात का अलर्ट जारी किया था. इसके बावजूद चक्रवात के साथ मूसलाधार बारिश से गोरखपुर जलमग्न हो गया. सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी लग गया.
दुकान-मकान में घुसा पानी, सड़कें बनी झील
गोरखपुर के रेती रोड नखास चौक, घंटाघर, घोष कंपनी चौक, मियां बाजार, माया बाजार, टाउन हॉल, गोलघर, विजय चौक, सुमेर सागर, अलीनगर, आर्यनगर, धर्मशाला बाजार, गीता प्रेस रोड, खूनीपुर चौक, साहबगंज, बेतियाहाता, सिविल लाइंस, हुमायूंपुर उत्तरी, दाउदपुर, बक्शीपुर, असुरन चौक, मेडिकल रोड, घरों-दुकानों में बारिश का पानी घुस गया.
#NamasteIndia | गोरखपुर में बारिश के बाद सांसद रवि किशन दौरे पर पहुंचे, प्रभावित इलाकों का लिया जायजा@RajputAditi | #AditiRajputNDTV | #RaviKishan | #Gorakhpur pic.twitter.com/DxfjTDCnAG
— NDTV India (@ndtvindia) September 27, 2026
हाल जानने निकले सांसद, मेयर, आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी
इस दौरान व्यापारियों और आमजन ने शहर का हाल जानने भ्रमण पर निकले सांसद रवि किशन, महापौर और नगर आयुक्त को आड़े हाथों लिया और उनके खिलाफ नारे भी लगाए. गोरखपुर में मूसलाधार बारिश और चक्रवाती तूफान के बाद शहर का हाल जानने निकले नगर आयुक्त अजय जैन और महापौर डॉक्टर मंगलेश श्रीवास्तव के मुर्दाबाद के नारे लगे. गोरखपुर के किराना मंडी में व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों के मुर्दाबाद के नारे लगाए. उन्होंने जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर आक्रोश जताया.
गोरखपुर प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
जिला प्रशासन ने आपदा हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. आपदा हेल्पलाइन: 1533, जिला कंट्रोल रूम (लैंडलाइन): 0551-2342621, व्हाट्सएप सहायता के लिए 8810709390 और नगर निगम हेल्पलाइन: 9454416252 पर संपर्क किया जा सकता है.
रवि किशन बोले- इतनी अधिक बारिश की किसी को नहीं थी उम्मीद
सांसद रवि किशन ने कहा कि अधिक वर्षा की किसी ने उम्मीद नहीं की थी. 15 से 19 साल में किसी ने ऐसी बारिश नहीं देखी थी. यहां पर उन लोगों का प्रयास है कि जल्द से जल्द स्थिति को नियंत्रण में लिया जाए. 59 पंप स्थायी रूप से चल रहे हैं. 70 से अधिक अस्थायी पंप चल रहे हैं. दो घंटे से बारिश रुकी है.
फसलों का नुकसान जहां भी हुआ है, मुख्यमंत्री आएंगे, किसानों की भी मदद की जाएगी. लोगों से अपील है कि घर में बने रहें. आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा है, तो बच कर रहें.
गंगा एक्सप्रेसवे पर बह रहीं भाजपाई भ्रष्टाचार की नदियाँ।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 26, 2026
नाम बदलनेवालों के लिए सुनहरा अवसर, नया नाम रख दें : गंगा एक्सप्रेस वॉटर वे
नीर-निंदनीय! pic.twitter.com/CCqA5iXHa6
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव
उन्नाव में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के कारण गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव हो गया. सोनिक क्षेत्र में बशीरतगंज टोल प्लाजा के पास करीब तीन फुट पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. टोल कर्मियों के अनुसार पानी निकालने के लिए पंपसेट लगाए जा रहे हैं.
अखिलेश का तंज- गंगा एक्सप्रेस वॉटरवे
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स' पर जलभराव वाले गंगा एक्सप्रेसवे का वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और इसे ‘गंगा एक्सप्रेस वॉटरवे' नाम दिया.
यह भी पढ़ें - सपा ज्वाइन कई लेहला का... गोरखपुर जलभराव पर रवि किशन की BJP पार्षद से कहासुनी, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं