उत्तराखंड विधानसभा का सत्र 27 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है. यह सत्र राजधानी देहरादून में नहीं, बल्कि प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में होगा. 2 दिन के इस सत्र के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
27 अक्टूबर को शुरू हो रहे इस सत्र में धामी सरकार 7000 करोड़ रुपये से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी. इसके अलावा कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक रिपोर्ट भी सदन में रखी जाएंगी. 2027 विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार का यह आखिरी बजट सत्र माना जा रहा है, इसलिए इसमें जनता से जुड़ी कई नई योजनाओं का ऐलान भी हो सकता है.
पहले दिन श्रद्धांजलि, फिर पेश होगा बजट
विधानसभा सचिवालय को विधायकों की ओर से 445 से अधिक सवाल मिल चुके हैं. हालांकि सत्र के पहले दिन 27 अक्टूबर को दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, इसलिए प्रश्नकाल नहीं होगा. लंच के बाद अनुपूरक बजट सदन में पेश किया जाएगा.
यह भी पढ़ें | यमुनोत्री और केदारनाथ में मौसम की पहली बर्फबारी, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, देखिए Video
सत्र में हंगामे के पूरे आसार
यह चुनाव से पहले आखिरी सत्र है, इसलिए सत्र हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं. विपक्ष ने सरकार को घेरने के लिए सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह रणनीति बनाई है.कांग्रेस बिगड़ती कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, और सरकारी जमीनों को बेचने के आरोपों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है.
वहीं, कांग्रेस के हमले का जवाब देने के लिए भाजपा ने भी पूरी तैयारी कर ली है. सभी मंत्रियों और विधायकों को विपक्ष के हर सवाल का जोरदार तरीके से जवाब देने को कहा गया है.
कांग्रेस करेगी विधानसभा घेराव
सदन के अंदर के साथ-साथ कांग्रेस सड़क पर भी सरकार को घेरने जा रही है. 27 अक्टूबर को ही कांग्रेस ने विधानसभा घेराव का ऐलान किया है. घेराव की कमान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सीएम हरीश रावत और हरक सिंह रावत ने संभाल रखी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं