विज्ञापन

हल्द्वानी गैंगरेप केस: ABVP के पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत 4 गिरफ्तार, नाबालिग को बनाया शिकार

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में ABVP के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट भी शामिल हैं. पुलिस जांच और CCTV फुटेज में घटना की पुष्टि होने की बात कह रही है.

हल्द्वानी गैंगरेप केस: ABVP के पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी धीरज बिष्ट समेत 4 गिरफ्तार, नाबालिग को बनाया शिकार
हल्द्वानी गैंगरेप केस में ABVP के पूर्व प्रत्याशी समेत 4 गिरफ्तार
NDTV
  • हल्द्वानी होटल गैंगरेप केस में ABVP के पूर्व अध्यक्ष पद प्रत्याशी समेत 4 गिरफ्तार, नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
  • SSP बोले- होटल जांच और CCTV फुटेज से घटना की पुष्टि
  • मुखानी होटल कांड में बड़ा एक्शन, चारों आरोपी पुलिस गिरफ्त में
नैनीताल:

उत्तराखंड के हल्द्वानी में नाबालिग लड़की से कथित गैंग रेप की घटना सामने आयी है. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी धीरज बिष्ट का नाम भी शामिल है. पीड़िता के परिवार की शिकायत पर मुखानी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच, होटल निरीक्षण और CCTV फुटेज से घटना की पुष्टि हुई है, जबकि मेडिकल और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं जारी हैं.

बहलाया-फुसलाया फिर डरा-धमका कर किया गैंग रेप

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मुखानी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग किशोरी के परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि चार युवकों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर और दबाव बनाकर मुखानी क्षेत्र के एक होटल में ले गए. वहां उसे धमकाकर और डराकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

धीरज बिष्ट समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपियों की पहचान धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु बोनी के रूप में हुई है. एसएसपी के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही कई पुलिस टीमों का गठन किया गया और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.

होटल जांच और CCTV फुटेज में मिले साक्ष्य

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के दौरान होटल परिसर का निरीक्षण किया गया. जांच में जुटी टीम ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए और CCTV फुटेज की भी पड़ताल की. एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि होटल की जांच और CCTV फुटेज से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, जो शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि करते हैं. पुलिस के अनुसार हिरासत में पूछताछ के दौरान भी मामले से जुड़े तथ्यों की पुष्टि हुई है. अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

ABVP ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

मामले के सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने भी घटना की निंदा की है. एबीवीपी उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने जारी बयान में कहा कि संगठन इस मामले में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा. उन्होंने कहा कि इस गंभीर घटना के दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके.

यह भी पढ़ें : गैंगरेप पीड़िता ने केस वापस नहीं लिया तो छत से फेंका; हालत नाजुक, एक आरोपी गिरफ्तार, बेगूसराय की घटना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Haldwani, Gang Rape Case, ABVP, Minor Girl Gang Rape, Uttarakhand
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com