हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इंसान और बेजुबान जानवरों के बीच बने रिश्ते को नई पहचान दी है. फेरूपुर निवासी मनोज प्रधान रोजाना अपनी गली में रहने वाले एक आवारा कुत्ते को खाना खिलाते हैं. इसी स्नेह और विश्वास का परिणाम उस समय देखने को मिला जब एक खतरनाक कुत्ते ने अचानक मनोज पर हमला करने की कोशिश की. तभी रोजाना उनके हाथ से खाना खाने वाला गली का कुत्ता बीच में आ गया और हमलावर कुत्ते से भिड़ गया. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
गली में खड़े थे मनोज, तभी हुआ हमला
NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार फेरूपुर निवासी मनोज प्रधान अपने घर के बाहर गली में खड़े थे. इसी दौरान एक आक्रामक कुत्ता अचानक उनकी ओर दौड़ा और हमला करने की कोशिश करने लगा. स्थिति को समझने का मौका भी नहीं मिला था कि पास में मौजूद एक अन्य गली का कुत्ता तेजी से मनोज के सामने आ गया और हमलावर कुत्ते का मुकाबला करने लगा.

Haridwar Viral Video: घर के बाहर का सीसीटीवी फुटेज
जान की परवाह किए बिना भिड़ गया कुत्ता
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि गली का कुत्ता बिना डरे हमलावर कुत्ते के सामने खड़ा हो जाता है. कुछ सेकंड तक दोनों कुत्तों के बीच संघर्ष होता है, जिससे मनोज को वहां से सुरक्षित हटने का समय मिल जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह वही कुत्ता है, जिसे मनोज प्रधान रोजाना खाना खिलाते हैं. लोगों का मानना है कि कुत्ते ने अपने तरीके से उस अपनत्व का जवाब दिया, जो उसे लंबे समय से मिल रहा था.

Haridwar Viral Video: गली के कुत्ते ने बचाई जान
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग इसे इंसान और जानवर के बीच भरोसे और संवेदनशीलता का उदाहरण बता रहे हैं. कई लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जानवर इंसान की दया और व्यवहार को समझते हैं और जरूरत पड़ने पर उसका जवाब भी देते हैं.
यह भी पढ़ें : चमोली में पागल कुत्तों का आतंक; बच्चों पर हमले के डर से 3 दिन स्कूल बंद; ऑनलाइन पढ़ाई शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं