विज्ञापन

देहरादून के मॉल में मर्डर, SSP ऑफिस से सिर्फ 500 मीटर दूर प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी है. सिल्वर सिटी मॉल के बाहर जिम से लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा को तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. शहर में पिछले 48 घंटे में यह दूसरी हत्या है, जो बताती है कि अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं.

देहरादून के मॉल में मर्डर, SSP ऑफिस से सिर्फ 500 मीटर दूर प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
फाइल फोटो
  • देहरादून में पिछले 11 दिनों में तीन हत्याएं हुईं, जिससे शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठे हैं.
  • राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी सिनेमा के पास प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या की गई.
  • विक्रम शर्मा उधमसिंह नगर जिले में स्टोन क्रशर का व्यवसाय करते थे और उनकी हत्या से शहर में तनाव फैल गया.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. पिछले 48 घंटे में दूसरी और 11 दिनों में तीसरी हत्या ने शहर की कानून- व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

बीती रात लगभग 1:15 बजे, राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी सिनेमा/मॉल के पास जिम से बाहर निकल रहे प्रॉपर्टी डीलर विक्रम शर्मा (50) को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना एसएसपी आवास से मात्र 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिसने पुलिस व्यवस्था की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है.

यह भी पढ़ें- लखनऊ में तेज रफ्तार कार का कहर, महिलाओं और बच्चों को रौंदा, CCTV सामने आया

स्टोन क्रशर का व्यवसायी थी विक्रम

देहरादून के पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार के अनुसार, विक्रम शर्मा का उधमसिंह नगर जिले में स्टोन क्रशर का व्यवसाय था. घटना के बाद शहर में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.

देहरादून में 11 दिनों में 3 हत्याएं

बुधवार को तिब्बती मार्केट के बाहर गैस एजेंसी के मालिक की दिनदहाड़े हत्या हुई थी. इससे पहले 2 फरवरी को मच्छी बाजार में 22 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. और अब सिल्वर सिटी मॉल के बाहर जिम से लौटते व्यवसायी की हत्या ने शहर में खौफ पैदा कर दिया है.

लगातार होने वाली इन वारदातों से शहर में दहशत और पुलिस पर दबाव दोनों बढ़ रहा है.

विक्रम शर्मा का झारखंड कनेक्शन

बता दें कि देहरादून गोलीकांड में मारे गए विक्रम शर्मा को लेकर अब उसके आपराधिक इतिहास की चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं. बाहरी तौर पर एक प्रॉपर्टी डीलर और सफेदपोश कारोबारी के रूप में पहचान रखने वाले विक्रम की पृष्ठभूमि अपराध जगत में गहरे पैठी हुई थी.

टाटा स्टील कर्मचारी का बेटा, जमशेदपुर में गुज़रा बचपन

विक्रम शर्मा के पिता टाटा स्टील में नौकरी करते थे और रिटायरमेंट के बाद परिवार देहरादून शिफ्ट हो गया। विक्रम मूल रूप से देहरादून का निवासी था, लेकिन वह जमशेदपुर के मानगो स्थित आशियाना में वर्षों तक रहा. उसका कारोबार ट्रांसपोर्ट बिजनेस से जुड़ा था. वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई अरविंद शर्मा इस समय देहरादून में रहता है.

जमशेदपुर में 20 से अधिक आपराधिक मुकदमे

देहरादून में शांत जीवन जीने की कोशिश के बावजूद विक्रम शर्मा का नाम लंबे समय तक झारखंड के आपराधिक जगत में कुख्यात रहा. उसके खिलाफ 20 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे-

  • कई मामलों में वह बरी भी हो चुका था
  • 2017 में जमशेदपुर पुलिस ने उसे देहरादून से गिरफ्तार किया था
  • 2017 से 2021 तक वह जेल में रहा
  • इसके बाद उसे झारखंड हाई कोर्ट से सशर्त जमानत मिली
  • जनवरी 2021 में वह रांची के होटवार जेल से रिहा हुआ
  • जमानत की शर्त के अनुसार वह जमशेदपुर कोर्ट में नियमित उपस्थित होता था

गैंगस्टर अखिलेश सिंह का ‘क्रिमिनल गुरु'

सूत्रों के अनुसार, विक्रम शर्मा का झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अखिलेश सिंह पर खासा प्रभाव था. अखिलेश सिंह वर्तमान में दुमका जेल में बंद है और विक्रम को उसका आपराधिक गुरु माना जाता था.

विक्रम शर्मा पर दर्ज प्रमुख मामले

विक्रम शर्मा कई बहुचर्चित अपराधों में आरोपी रहा है, जिनमें शामिल हैं-

  1. 2008 में टाटा स्टील के सुरक्षा पदाधिकारी जयराम सिंह की गोली मारकर हत्या
  2. श्रीलेदर्स के मालिक आशीष डे की हत्या
  3. साकची के काशीडीह निवासी रवि चौरासिया पर फायरिंग
  4. बर्मामाइंस में परमजीत सिंह के भाई सत्येंद्र सिंह के ससुराल में फायरिंग
  5. परमजीत सिंह हत्याकांड
  6. और अन्य संगीन वारदातें. कुल मिलाकर 20+ आपराधिक केस

सफेदपोश पहचान में वापसी

जेल से रिहाई के बाद विक्रम शर्मा ने खुद को सफेदपोश कारोबारी के रूप में स्थापित करने की कोशिश की. देहरादून में उसका दायरा रियल एस्टेट और कारोबारी संपर्कों तक सीमित दिखने लगा था, लेकिन उसका पुराना आपराधिक इतिहास पीछा नहीं छोड़ पाया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com