रुद्रप्रयाग के सारी क्षेत्र अंतर्गत ककोड़ाखाल-बिजराकोट मोटर मार्ग के पास गुरुवार दोपहर एक रहस्यमयी मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) के दुर्घटना ग्रस्त होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक सूचना में इसे हेलिकॉप्टर दुर्घटना समझा गया, जिसके बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग में अफरा-तफरी मच गई.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके की जानकारी जुटाई गई. जांच में सामने आया कि दुर्घटना ग्रस्त वस्तु कोई हेलिकॉप्टर नहीं, बल्कि एक उन्नत ड्रोन है, जिसका उपयोग सेना, वायु सेना और नौ सेना द्वारा प्रशिक्षण एवं हथियार प्रणालियों के परीक्षण में लक्ष्य के रूप में किया जाता है.
स्थानीय लोगों की लगी भीड़
ड्रोन के पहाड़ी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके की ओर उमड़ने लगी. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जन हानि या घायल होने की सूचना नहीं है.
जांच में जुटी एजेंसियां
फिलहाल, ड्रोन के गिरने के पीछे तकनीकी खराबी, नियंत्रण प्रणाली में गड़बड़ी या अन्य किसी कारण की आशंका जताई जा रही है. संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं. अब सभी की निगाहें उस तकनीकी रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी हादसे के पीछे की असली वजह उजागर करेगी.
उत्तराखंड: नगरासू गुरुद्वारे में हंगामा करने वाले निहंग छत से उतरे, आपसी बातचीत से बनी बात
(रोहित डिमरी की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं