विज्ञापन

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के साथ जानवरों जैसा व्यवहार, वायरल वीडियो में दिखा शर्मनाक मंजर

उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम से बहुत शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उत्तराखंड पुलिस के जवान श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार करते और उनके साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं.

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के साथ धक्का मुक्की करते पुलिस के जवान.

उत्तराखंड के केदारनाथ धाम से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ड्यूटी पर तैनात पुलिस के जवान वीआईपी लाइन में खड़े श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार करते दिख रहे हैं.

वायरल वीडियो में जवान खुलेआम श्रद्धालुओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए और उनके साथ दुर्व्यवहार करते दिख रहे हैं. वीडियो में कई श्रद्धालु असहज, डरे और सहमे हुए नजर आ रहे हैं. आरोप है कि लाइन व्यवस्था के नाम पर बार-बार श्रद्धालुओं के साथ मारपीट जैसी स्थिति उत्पन्न की जा रही है. इन लोगों का गुनाह बस ये है कि भारी भीड़ होने की वजह से ये लोग वीआईपी श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए रास्ते में खड़े हो गए थे. 

घटना आधिकारिक पुष्टि नहीं

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं. कई यूजर्स उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए "मित्र पुलिस" की छवि पर भी तंज कस रहे हैं. श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की मांग भी की जा रही है. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है. संबंधित विभाग की ओर से भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

बद्रीनाथ हाईवे पर धारी देवी से नरकोटा तक लगा जाम

वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में मौसम के अचानक बिगड़े मिजाज ने चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. लगातार खराब मौसम और भारी वाहनों के दबाव के बीच बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारी देवी से लेकर सम्राट होटल नरकोटा तक लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों तीर्थयात्री और पर्यटक घंटों तक सड़क पर फंसे रहने को मजबूर हो गए. इस जाम का सबसे अधिक असर बद्रीनाथ धाम, केदारनाथ धाम, तुंगनाथ, मद्महेश्वर, रुद्रनाथ, कल्पेश्वर और त्रियुगीनारायण धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं पर पड़ा. दूर-दराज राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा. कई वाहनों में छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी मौजूद थे, जिन्हें लंबे इंतजार के कारण परेशानियों से गुजरना पड़ रहा.

यह भी पढ़ें- नोएडा के सेक्टर 150 में गड्ढे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर का रेस्क्यू करने वाले मोनिंदर गिरफ्तार, लगा ये गंभीर आरोप

मौसम विभाग की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताए जाने के बाद प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और यात्रा से पूर्व मौसम व यातायात संबंधी जानकारी प्राप्त करने की अपील की है. 

यह भी पढ़ें- चिराग त्यागी हत्याकांड: न्याय के लिए फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आरोपियों के एनकाउंटर की मांग ने पकड़ा जोर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com