विज्ञापन

विनोद कश्यप हत्‍याकांड देहरादून: लोगों ने यमुनोत्री हाईवे जाम कर पढ़ी हनुमान चालीसा, ITBP तैनात

देहरादून के विकासनगर (बैरागीवाला) में पानी के मामूली विवाद में हिंदू युवक विनोद कश्यप की पीट-पीटकर हत्या के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया है. इलाके में बिगड़ते हालात और कानून-व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस के साथ ITBP को तैनात किया गया है.

विनोद कश्यप हत्‍याकांड देहरादून: लोगों ने यमुनोत्री हाईवे जाम कर पढ़ी हनुमान चालीसा, ITBP तैनात
  • देहरादून के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने के विवाद को लेकर हिंदू युवक विनोद कश्यप की हत्या हुई
  • हिंसक घटना के बाद हजारों लोग नेशनल हाईवे जाम कर हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए इंसाफ की मांग की
  • पुलिस ने 12 नामजद और 25 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर (सहसपुर थाना क्षेत्र) स्थित बैरागीवाला गांव में पानी के विवाद को लेकर हुई हिंदू युवक विनोद कश्यप की हत्या के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है. 14 जून 2026 की सुबह हुए बवाल और आगजनी के बाद शाम होते-होते प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और भड़क उठा. 

इंसाफ की मांग को लेकर हजारों की भीड़ ने देहरादून-यमुनोत्री नेशनल हाईवे को पूरी तरह जाम कर दिया और सड़क पर ही बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया. इलाके में बेकाबू होते हालात और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अब स्थानीय पुलिस के साथ इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) की टुकड़ियों को तैनात क‍िया गया है. लोग आरोप‍ियों को अरेस्‍ट क‍िए जाने की मांग कर रहे हैं.  

खेत में पानी लगाने के विवाद में हुई हत्या

देहरादून देहात एसपी IPS पंकज गैरोला के अनुसार बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच मामूली विवाद शुरू हुआ था. इसके बाद दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने गांव में जमा होकर विनोद कश्यप नामक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पीट-पीट कर उसकी हत्या (मॉब लिंचिंग) कर दी. 

इस खूनी संघर्ष में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का एक खौफनाक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर सड़कों पर लाठी-डंडे लेकर दौड़ते और लोग जान बचाकर भागते दिख रहे हैं. 

12 नामजद समेत 25 अज्ञात पर केस, मुख्य आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

इस हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. नामजद आरोपियों में रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस, शाहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार शामिल हैं. जनाक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित एक्शन लिया है. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मुख्य आरोपी के घर के पास बने अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर चला है और उसे ध्वस्त कर दिया गया है. 

गुस्साई भीड़ ने फूंक डाले आरोपियों के घर, पुलिस से धक्का-मुक्की

विनोद बजरंग दल का कार्यकर्ता बताया जा रहा है. उनकी हत्या की खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घरों पर जमकर पथराव किया और उनमें से एक घर को आग के हवाले कर दिया. इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस के साथ भी प्रदर्शनकारियों की तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई.

विधायक ने थाना प्रभारी को लताड़ा, बोले- "सख्त एक्शन हो"

घटना की सूचना मिलते ही विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना चौहान पीड़ित हिंदू परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया. विधायक ने सहसपुर कोतवाली के मौजूदा थाना प्रभारी को सख्त लहजे में जमकर लताड़ लगाई और आरोपियों के खिलाफ अविलंब कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आरोपी पक्ष बेहद झगड़ालू प्रवृत्ति का है और वे देवभूमि के माहौल को खराब करना चाहते हैं. 
 

यह भी पढ़ें- देहरादून में हिंदू युवक की हत्या से तनाव, आगजनी और पत्थरबाजी, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dehradun, Uttarkhand
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com