विज्ञापन

विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर तोड़े, लेकिन जन्माष्टमी और श्रीकृष्ण की याद नहीं मिटा पाए: योगी आदित्यनाथ

जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बन सकता है.

विदेशी आक्रांताओं ने मंदिर तोड़े, लेकिन जन्माष्टमी और श्रीकृष्ण की याद नहीं मिटा पाए: योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बन सकता है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है. मुख्यमंत्री ने मथुरा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में राज्य में बड़ा बदलाव आया है और अब यहां दंगों व अशांति के डर के बजाय पर्व और त्योहार मनाए जाते हैं.

योगी ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक विकास को केवल सड़क, बिजली, पानी, इमारतों और उद्योगों के नजरिये से देखा गया जबकि विरासत की अनदेखी की गई. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर विरासत का अपमान होता रहा और इतिहास के नायकों को भारत की स्मृतियों से मिटाने के प्रयास किए गए. 

'विदेशी आक्रांता नहीं मिटा पाए कृष्ण और राधा रानी की याद'

योगी ने मथुरा के इतिहास और मंदिरों पर हुए कथित हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि बार-बार हुए हमलों के बावजूद सनातन परंपराएं कायम रहीं. उन्होंने कहा, “विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों को नष्ट कर दिया लेकिन क्या वे श्रीकृष्ण की याद को मिटा पाए? क्या वे राधा रानी की याद को मिटा पाए? क्या जन्माष्टमी का उत्सव रुका? क्या वृंदावन में भक्ति रुकी? क्या बरसाना की होली रुकी? क्या गोवर्धन परिक्रमा रुकी? नहीं. यही हमारा सनातन है. यही ब्रज की ताकत है.” मुख्यमंत्री ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए दावा किया कि राम मंदिर का निर्माण लंबे सभ्यतागत संघर्ष का परिणाम है.

सनातन के साथ आगे बढ़ीं परंपराएं 

उन्होंने कहा, “ये परंपराएं जारी रहीं, सनातन की भावना के साथ आगे बढ़ीं और संघर्ष के लिए नया जोश पैदा किया. नतीजा यह है कि आज अयोध्या में एक भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है.” योगी ने कहा कि विरासत केवल स्मारकों तक सीमित नहीं है.

उन्होंने कहा, “विरासत हमारे मंदिरों, हमारी भाषा, हमारे साहित्य, हमारे संगीत, हमारी कला, हमारे दर्शन, गणित, विज्ञान, चिकित्सा, कौशल और ज्ञान, हमारी लोक परंपराओं और हमारी ज्ञान परंपरा में बसी है.” मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा संदेश बहुत स्पष्ट है. भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा करेगा.”

"प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक आए"

योगी ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक आए, जो बेहतर संपर्क व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे का प्रमाण है. योगी अपने दो दिवसीय दौरे पर कृष्ण नगरी पहुंचे, जहां उन्होंने जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मथुरा जिले में 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

यह भी पढ़ें- सरकार कहती है 'डाकू खत्म', फिर क्यों लागू है एंटी डकैती कानून? पूर्व गृहमंत्री गोविंद सिंह ने HC में दी चुनौती

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath News, Yogi News, Ram Mandir News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com