- यूपी कांग्रेस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर हथियारबंद गुंडों की गुंडागर्दी पर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए
- कांग्रेस ने सरकार की सुरक्षा नीति और अपराध नियंत्रण के दावों को जमीनी हकीकत से मेल न खाने वाला बताया है
- डीसीपी ग्रेटर नोएडा ने मामले की पुष्टि करते हुए वाहन स्वामी का पता लगाने और वैधानिक कार्रवाई की जानकारी दी
यूपी कांग्रेस ने आज यमुना एक्सप्रेसवे पर गुंडागर्दी को लेकर बीजेपी सरकार और योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला. एक्स पर ट्वीट कर बताया कि एक्सप्रेसवे पर एस्कॉर्पियो सवार कुछ हथियारबंद लोग गुंडागर्दी कर रहे हैं. लोगों को परेशान कर रहे हैं. यहां तक की जेवर टोल प्लाजा पर बगैर पेमेंट किए बैरिकेड तोड़कर भाग निकले. यूपी कांग्रेस की तरफ से स्कॉर्पियो का नंबर भी शेयर किया गया और घटना का वीडियो भी.
यूपी कांग्रेस का ट्वीट
एक्स पर यूपी कांग्रेस ने लिखा, विज्ञापनों में 'सुरक्षित' एक्सप्रेसवे, हकीकत में गुंडों का अड्डा! यह है उत्तर प्रदेश के तथाकथित 'हाईटेक और सुरक्षित' एक्सप्रेसवे की जमीनी हकीकत, जिसके विज्ञापनों पर भाजपा सरकार करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाती है. यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्कॉर्पियो गाड़ी (संख्या: UP65EP9384) में 10 से 15 हथियारबंद और डंडे लिए गुंडे सरेआम तांडव मचा रहे हैं. ये गुंडे एक्सप्रेसवे पर चल रहे आम परिवारों, बहन-बेटियों की गाड़ियों के आगे जबरन ब्रेक लगाकर भयानक दुर्घटना कराने और उन्हें असंतुलित करने का जानलेवा प्रयास कर रहे हैं. हद तो तब हो गई जब जेवर टोल प्लाजा को ये गुंडे बिना रुके, बिना टैक्स दिए सरेआम तोड़कर भाग निकले! गाड़ी के आगे नंबर प्लेट तक नहीं है. मुख्यमंत्री जी, कहां है आपकी वो 'जीरो टॉलरेंस' नीति? कहां हैं आपके वो बड़े-बड़े दावे कि 'यूपी में अब अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं'? तत्काल इन पर बुलेट की रफ्तार से कार्रवाई करे, वरना आपके सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजी साबित होंगे.'
विज्ञापनों में 'सुरक्षित' एक्सप्रेसवे, हकीकत में गुंडों का अड्डा!
— UP Congress (@INCUttarPradesh) June 27, 2026
यह है उत्तर प्रदेश के तथाकथित 'हाईटेक और सुरक्षित' एक्सप्रेसवे की जमीनी हकीकत, जिसके विज्ञापनों पर भाजपा सरकार करोड़ों रुपए पानी की तरह बहाती है। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्कॉर्पियो गाड़ी (संख्या: UP65EP9384) में… pic.twitter.com/FCdNbZmTjt
इस ट्वीट पर कई लोग यूपी पुलिस को अनाप-शनाप कहने लगे. कई ऐसी घटना से नाराज भी दिखे. तभी डीसीपी ग्रेटर नोएडा की तरफ से एक्स पर जानकारी दी गई कि, 'संदर्भित प्रकरण में वाहन स्वामी का पता कर लिया गया है, जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.' हालांकि, इसके बाद भी कई लोग पुलिस और सरकार को लेकर अटपटी बातें लिखते नजर आए. मगर पुलिस की तरफ से किसी को कोई जवाब नहीं दिया गया.
यह भी पढ़ें-
वेस्ट एशिया में तनाव कम होने पर एयर इंडिया इंटरनेशनल फ्लाइट्स फिर से शुरू कर सकती है: सीईओ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं