- उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेज उरई में नर्सिंग छात्राओं और जूनियर डॉक्टरों के बीच ड्यूटी के दौरान विवाद हुआ
- विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया
- नर्सिंग छात्रों ने अभद्र व्यवहार और सुरक्षा की कमी को लेकर हड़ताल शुरू कर लिखित शिकायत दी है
उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में नर्सिंग छात्रों और जूनियर डॉक्टरों के बीच जमकर मारपीट हुई है. इस घटना ने पूरे कॉलेज का माहौल गरमा दिया है. घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने हैं और कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है. वीडियो में दिख रहा है छात्र एक दूसरे पर जमकर हमला कर रहे हैं और सिर पर भी मार रहे हैं.
क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को दोपहर करीब 12:30 बजे क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान बीएससी नर्सिंग बैच-2022 के विद्यार्थियों और एमबीबीएस बैच-2021 के कुछ इंटर्न के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. घटना की जानकारी फैलते ही कॉलेज परिसर में छात्रों की भीड़ जुटने लगी. कुछ ही देर में मामला पूरे संस्थान में चर्चा का विषय बन गया.
नर्सिंग छात्रों ने शुरू की हड़ताल
मारपीट की घटना से नाराज नर्सिंग विद्यार्थियों ने कामकाज का बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी. छात्रों का कहना है कि क्लिनिकल ड्यूटी के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. नर्सिंग विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत भी सौंपी है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही ड्यूटी के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की बात कही है. छात्रों ने संबंधित एमबीबीएस इंटर्न से लिखित माफी की मांग भी उठाई है.
जूनियर डॉक्टरों ने भी रखा अपना पक्ष
दूसरी ओर जूनियर डॉक्टर भी इस मामले को लेकर मैदान में उतर आए. उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर अपना पक्ष रखा. उनका कहना है कि मामले की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच जरूरी है.
जांच के बाद साफ होगी तस्वीर
फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायतें कॉलेज प्रशासन के पास पहुंच चुकी हैं. मारपीट का वायरल वीडियो भी जांच का हिस्सा बन सकता है. हालांकि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और घटना के लिए कौन जिम्मेदार है यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. कॉलेज प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने की कोशिश में जुटा है. वहीं छात्र और जूनियर डॉक्टर निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.
यह भी पढ़ें- हिमाचल से हरियाणा तक राजस्थान का सियासी ड्रामा: 16 घंटे भटके पार्षद, टूटे बस के शीशे, फिर 1 वोट से जीती CONG
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं