उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक पालतू कुत्ते की बहादुरी और वफादारी की कहानी लोगों को भावुक कर रही है. बेल्थरारोड तहसील के उभांव गांव में एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक के परिवार की सुरक्षा के लिए जहरीले सांप से मुकाबला किया. इस संघर्ष में कुत्ते ने सांप को मार डाला लेकिन खुद भी अपनी जान गंवा बैठा.
रात दो बजे घर में घुसने की कोशिश कर रहा था सांप
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब दो बजे दानिश के घर में एक विषैला सांप घुसने की कोशिश कर रहा था. तभी घर के पालतू कुत्ते टॉमी की नजर उस पर पड़ गई. टॉमी लगातार भौंककर परिवार को सतर्क करता रहा. खतरा बढ़ता देख उसने सांप का सामना करने का फैसला किया और उससे भिड़ गया.
करीब एक घंटे तक चला संघर्ष
परिजनों के मुताबिक टॉमी और सांप के बीच करीब एक घंटे तक संघर्ष चलता रहा. टॉमी ने पूरी ताकत के साथ सांप को घर के अंदर घुसने से रोके रखा. आखिरकार उसने सांप को मार डाला लेकिन इस दौरान सांप ने कई बार उसे डस लिया. जहरीले जहर के असर से कुछ देर बाद टॉमी की भी मौत हो गई.
9 साल से परिवार का हिस्सा था टॉमी
परिवार के सदस्य कासिफ मुमताज ने बताया कि टॉमी को बचपन में घर लाया गया था और वह करीब नौ साल से परिवार के साथ रह रहा था. रात के समय उसे खुला छोड़ दिया जाता था ताकि वह घर की रखवाली कर सके. उसी जिम्मेदारी को निभाते हुए उसने अपनी जान कुर्बान कर दी. टॉमी की मौत से परिवार गहरे दुख में है. परिजनों का कहना है कि वह सिर्फ पालतू कुत्ता नहीं बल्कि परिवार का सदस्य था. जिस साहस और वफादारी के साथ उसने परिवार की रक्षा की, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा.
यह भी पढ़ें- बिना सूचना बैंक करता है आपका Debit Card ब्लॉक तो देना होगा मुआवजा, कंज्यूमर कोर्ट का फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं