विज्ञापन

इजरायल से जॉर्डन और फिर मुंबई होकर यूपी पहुंचा अखिलेश, जानिए रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी इनसाइड स्टोरी

अखिलेश कुमार अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मुलाकात की. उन्होंने और उनकी पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद जताया.

इजरायल से जॉर्डन और फिर मुंबई होकर यूपी पहुंचा अखिलेश, जानिए रेस्क्यू ऑपरेशन की पूरी इनसाइड स्टोरी
  • ईरान के संघर्ष के बीच उत्तर प्रदेश के युवक अखिलेश को योगी आदित्यनाथ की पहल पर सुरक्षित स्वदेश वापस लाया गया.
  • अखिलेश इजरायल में फंसे थे, जहां उनकी कंपनी ने युद्ध जैसी आपात स्थिति में कोई सहायता नहीं की.
  • उनकी पत्नी किरण देवी ने जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी से मदद मांगी थी.
लखनऊ:

अमेरिका‑इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के चलते युद्ध क्षेत्र में फंसे उत्तर प्रदेश के एक युवक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से सकुशल स्वदेश वापस लाया गया है. इजरायल के नेटान्या शहर में फंसे यूपी के अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार की वापसी मुख्यमंत्री के निर्देश पर जॉर्डन के रास्ते संभव हो पाई.

अखिलेश कुमार की पत्नी किरण देवी ने अपने पति की सुरक्षित घर वापसी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त की है. दरअसल, अंबेडकरनगर जनपद के अकबरपुर निवासी अखिलेश कुमार रोज़गार के सिलसिले में इज़राइल गए थे. जिस कंपनी में वे कार्यरत थे, उसने युद्ध जैसी आपात स्थिति में उनकी कोई सहायता नहीं की. कंपनी से मिले इस धोखे और युद्ध के तनावपूर्ण हालात के चलते अखिलेश मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गए और स्वयं भारत लौटने में असमर्थ हो गए.

अखिलेश की पत्नी ने जनता दरबार में लगाई थी वापसी की गुहार

जब स्थिति गंभीर हो गई, तो उनकी पत्नी किरण देवी ने 25 मार्च को जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी से अपने पति की सुरक्षित वापसी के लिए मदद की गुहार लगाई. किरण देवी के आवेदन को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंबेडकरनगर ने पूरा मामला शासन को भेजा. इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से अखिलेश कुमार की वापसी के लिए त्वरित निर्देश जारी किए गए. 28 मार्च को इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास को इस संबंध में पत्र भेजा गया. साथ ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने तेल अवीव स्थित भारतीय राजदूत, दूतावास के अधिकारियों, जॉर्डन स्थित भारतीय राजदूत और जॉर्डन प्रशासन से भी सहयोग का अनुरोध किया.

ये भी पढ़ें : हम इस्लामाबाद जाकर बात करने को तैयार हैं, हमे चिंता थोपी जा रही शर्तों की है: ईरान

कैसे हुई वापसी?

इज़राइल के हवाई अड्डे बंद होने के कारण सीधे इज़राइल से अखिलेश की वापसी संभव नहीं थी. शासन‑प्रशासन की सक्रियता के चलते 1 अप्रैल को जॉर्डन का वीज़ा और एयर टिकट की व्यवस्था कराई गई. 2 अप्रैल को अखिलेश कुमार को तेल अवीव लाया गया, जहां से उन्हें सड़क मार्ग से जॉर्डन सीमा तक पहुंचाया गया.

जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचने के बाद अखिलेश कुमार ने 2 अप्रैल की रात 8:40 बजे की फ्लाइट पकड़ी और 3 अप्रैल को सुबह 4:55 बजे मुंबई पहुंचे. मुंबई से लखनऊ पहुंचने के बाद अखिलेश कुमार की मुलाकात उनके परिजनों से कराई गई. इसके बाद प्रशासन की ओर से उन्हें सुरक्षित रूप से तहसील जलालपुर, जनपद अंबेडकरनगर स्थित उनके घर पहुंचाया गया.

आज अखिलेश कुमार अपनी पत्नी किरण देवी के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला से मुलाकात की. इस अवसर पर अखिलेश कुमार भावुक हो गए और जिला प्रशासन तथा शासन के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की. उन्होंने और उनकी पत्नी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप और संवेदनशील नेतृत्व के कारण ही यह सुरक्षित वापसी संभव हो सकी.

ये भी पढ़ें :  फ्रांस ने फेंका ऐसा पासा सही पड़ा तो अमेरिका-चीन-रूस को देगा टक्कर, भारत की अहम भूमिका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akhilesh Kumar Ambedkar Nagar Israel, Ambedkar Nagar News Israel Return, Israel To Jordan Road Route, Akhilesh Kumar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com