- पीड़ितों के बच्चों को पढ़ाने, वक्फ की जमीन पर रहने देने की योजना
- लायक महिलाओं को नौकरी देने की भी योजना बनाई जाएगी
- एक बीवी के रहते दूसरी शादी करने वाले हिंदू पुरुषों पर भी होगी कार्रवाई
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि सरकार अब तीन तलाक की शिकार महिलाओं को 6000 रुपये सालाना मदद देगी. यही नहीं उनके बच्चों को पढ़ाने, उन्हें वक्फ की जमीन पर रहने और नौकरी के लायक महिलाओं को नौकरी देने की भी योजनाएं बनाई जाएंगी. यही नहीं सीएम योगी ने आदेश दिए है कि एक बीवी के रहते दूसरी शादी करने वाले हिंदू पुरुषों के खिलाफ भी सख़्त कार्रवाई की जाए. योगी ने बुधवार को यह बात तलाकशुदा महिलाओं से संवाद के एक कार्यक्रम में कही.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “महिलाओं को चिन्हित करके उन्हें 6000 रुपये सालाना सरकार द्वारा अनुदान देने की व्यवस्था अलग से की जाए, जिसे सरकार उन्हें हर तीन महीने में दे. लेकिन पैसा उनके खाते में जाना सुनिश्चित करें. जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उसको आगे बढ़ाइए. और हर उस महिला को मिलनी चाहिए जो अपने पति द्वारा या परिवार द्वारा सताई गई है.”
योगी ने कहा कि “मैंने प्रमुख सचिव गृह को इसलिए बुलाया है कि वे इन सभी मामलों का संज्ञान लें. तीन तलाक के साथ कोई हिंदू या कोई अन्य पुरुष भी एक पत्नी के रहते हुए दूसरी पत्नी को लाकर पहली पत्नी को प्रताड़ित करके उसे त्यागता है, तलाक देता है, तो उन सबके खिलाफ कानूनी कार्रवाई, सख़्त कार्रवाई की जानी चाहिए.”
VIDEO : तीन तलाक नहीं दे सका शौहर तो बीवी को जिंदा जलाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं