विज्ञापन

यूपी में आंधी-तूफान ने मचाया कहर, इटावा-महोबा-फिरोजाबाद में भारी नुकसान; एक की मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है. इटावा, महोबा और फिरोजाबाद में पेड़, दीवारें और छतें गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. 80 किमी की रफ्तार से चली हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया.

यूपी में आंधी-तूफान ने मचाया कहर, इटावा-महोबा-फिरोजाबाद में भारी नुकसान; एक की मौत, कई घायल

उत्तर प्रदेश में अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी. इटावा, महोबा और फिरोजाबाद में मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. कहीं पेड़ उखड़ गए, तो कहीं दीवारें और छतें गिर गईं. इस कहर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. प्रशासन हालात संभालने में जुटा है, लेकिन नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही नजर आ रहा है.

इटावा में 80 किमी की रफ्तार से आई तबाही

इटावा जिले में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आई आंधी और बारिश ने शहर को झकझोर कर रख दिया. तेज हवाओं की चपेट में आकर कई बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे सड़कों पर यातायात ठप हो गया. कई दोपहिया और चारपहिया वाहन पेड़ों और मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गए.

कलेक्ट्रेट परिसर में गिरी आरसीसी छत

आंधी का असर प्रशासनिक क्षेत्रों में भी देखने को मिला. कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने वाली आरसीसी छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. इसके अलावा शहर के कई चौराहों पर लगे बड़े होर्डिंग बोर्ड भी गिर गए, जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मोतीझील चौराहे पर पेड़ गिरा, गाड़ियां चकनाचूर

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मोतीझील चौराहे के पास एक पुराना शीशम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा. इसकी चपेट में आकर एक सरकारी बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं अस्पताल परिसर में भी पेड़ गिरने से कई मोटरसाइकिलें टूट गईं और कुछ लोग घायल हो गए.

महोबा के चरखारी में 15 मिनट में मची तबाही

महोबा जिले के चरखारी में महज 10 से 15 मिनट के तूफान ने हालात बिगाड़ दिए. तेज हवाओं से नीम, आम और शीशम के कई पेड़ उखड़कर गिर गए. बिजली के खंभे टूट गए और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पूरे इलाके में बिजली गुल हो गई. लोगों को उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ रहा है.

ट्रांसफार्मर गिरा, दुकानों को भारी नुकसान

चरखारी के सब्जी मंडी इलाके में पेड़ गिरने से ट्रांसफार्मर भी जमीन पर आ गिरा. इसके अलावा कई छोटी दुकानों को भी भारी नुकसान हुआ. स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, तेज हवा में टीन की दुकानें तक उड़ गईं और सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया.

फिरोजाबाद में दीवार गिरने से मौत

फिरोजाबाद जिले में आंधी-तूफान ने एक व्यक्ति की जान ले ली. नारखी थाना क्षेत्र के नगला सेमरिया गांव में तेज हवा के दौरान दीवार और लोहे का गेट गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. एक दूसरी घटना में एक ही परिवार के तीन लोग दीवार गिरने से घायल हुए हैं.

घायलों का इलाज जारी, प्रशासन अलर्ट

सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. आंधी-तूफान के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं. बिजली विभाग भी तेजी से टूटे खंभों और तारों को ठीक करने में जुटा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Storm News, Uttar Padesh, Firozabad, Aandhi, Tufan Task
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com