अलीगढ़ की राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी में रविवार को 'यूपी राइज 2026' का आयोजन हुआ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश विजन के तहत हो रहे इस कैंपस अभियान में अलीगढ़ के 2300 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया. यूनिवर्सिटी प्रशासन के मुताबिक, इस चरण की डिजिटल पहुंच 50 हजार से ज्यादा रही.
13 टीमों ने पेश किए आइडिया, सड़क सुरक्षा वाला प्लान विनर
मुख्य आकर्षण ‘बिल्ड फॉर यूपी' पिच प्रतियोगिता रही. फाइनल के लिए चुनी गई 13 छात्र टीमों ने अपने इनोवेशन जजों के सामने रखे.
इनमें स्थानीय समस्याओं के समाधान, नए बिजनेस मॉडल और सोशल इम्पैक्ट वाले आइडिया शामिल थे. तेज रोशनी वाली हेडलाइट्स के कारण होने वाले सड़क हादसों को कम करने वाले सुरक्षा-केंद्रित समाधान को पहला पुरस्कार मिला. विजेता टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम दिया गया, जबकि फिक्सेज ग्रुप उपविजेता रहा.
क्या था कैंपस में?
पिचिंग के अलावा कैंपस में सीएम-युवा योजना का जागरूकता स्टॉल, मेंटरशिप जोन और करियर गाइडेंस सेशन भी लगाए गए. छात्रों को सरकारी योजनाओं और अपने आइडिया को स्टार्टअप में बदलने के विकल्पों के बारे में बताया गया.
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मंत्री और मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे. बता दें कि यूपी राइज 2026 का कारवां अलीगढ़ से पहले कानपुर, आगरा, लखनऊ, रायबरेली, मथुरा, बरेली और सहारनपुर के विश्वविद्यालयों में हो चुका है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं