विज्ञापन

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: 75 जिलों के 1183 केंद्रों पर संपन्न हुए एग्जाम, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी

उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा दूसरे दिन भी प्रदेश के सभी 75 जिलों के 1183 केंद्रों पर संपन्न हुई.

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: 75 जिलों के 1183 केंद्रों पर संपन्न हुए एग्जाम, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर बाहर निकलते अभयर्थी.

 UP Police Recruitment Exams Updates: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड के डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 9 लाख 62 हजार 833 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 7 लाख 32 हजार 731 अभ्यर्थी उपस्थित हुए. इस परीक्षा 76.10 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे.

उन्होंने बताया कि योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं. परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. इसी का परिणाम रहा कि दूसरे दिन भी विभिन्न जिलों में नकल, प्रतिरूपण और भ्रामक प्रचार के मामलों का तत्काल पता लगाकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई.

हरदोई में मोबाइल और प्रश्न पत्र के साथ अभ्यर्थी गिरफ्तार

हरदोई के वेणी माधव विद्यापीठ इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी रोहित पथौरी को नकल के उद्देश्य से छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन और पूर्व प्रतियोगी परीक्षा के प्रश्नपत्रों के साथ पकड़ा गया. पुलिस ने उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है.

अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर में फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए

अलीगढ़ में धर्म समाज महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक व्यक्ति फर्जी आधार कार्ड के सहारे दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था. जांच में मामला उजागर होने पर आरोपी सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया. इसी प्रकार मुजफ्फरनगर के डीएवी इंटर कॉलेज में भी एक व्यक्ति कूटरचित आधार कार्ड के जरिए दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया. दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

कानपुर में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट के साथ अभ्यर्थी पकड़ा गया

कानपुर के सिद्दीकी फैज-ए-आम इंटर कॉलेज मखनिया में द्वितीय पाली की परीक्षा शुरू होने से पहले फ्रिस्किंग के दौरान एक अभ्यर्थी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने का प्रयास करता पकड़ा गया. उससे पूछताछ की जा रही है तथा विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई

परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो पोस्ट करने के मामले में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. इंस्टाग्राम आईडी से फर्जी वीडियो प्रसारित करने वाले अमरोहा निवासी इन्द्रजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें- रेप के आरोप में फंसे कथावाचक पवन देव के समर्थन में आया कथित पीड़िता का भाई, बहन को बताया शातिर

योगी सरकार ने स्पष्ट किया है कि भर्ती परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के डीजी ने कहा है कि नकल, प्रतिरूपण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग अथवा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने जैसे कृत्यों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Police Recruitmen, Up Police Recruitment 2025, UP News, Uttar Pradesh News, Uttar Pradesh News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com