विज्ञापन

रेप के आरोप में फंसे कथावाचक पवन देव के समर्थन में आया कथित पीड़िता का भाई, बहन को बताया शातिर

अयोध्या के चर्चित कथावाचक पवन देव महाराज पर लगे रेप और धोखाधड़ी के आरोपों में बेहद चौंकाने वाली बात सामने आई है. दरअसल, आरोप लगाने वाली महिला का सगा भाई ही अब अपनी बहन के खिलाफ खड़ा हो गया है. भाई ने बाकायदा एसएसपी को इस संबंध में एक पत्र भी दिया. इसमें उसने अपनी बहन को न सिर्फ शातिर ब्लैकमेलर बताया है,बल्कि ये भी कहा कि उसका मकसद केवल धन उगाही करना है.

रेप के आरोप में फंसे कथावाचक पवन देव के समर्थन में आया कथित पीड़िता का भाई, बहन को बताया शातिर
अयोध्या: कथावाचक पवन देव पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला के भाई ने खोली पोल
Pramod Shrivastava

उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी अयोध्या से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां के चर्चित कथावाचक पवन देव महाराज पर जिस महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और जेवर हड़पने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे, अब उस मामले की पूरी कहानी पलटती नजर आ रही है. इस हाईप्रोफाइल मामले में नया मोड़ तब आया, जब पीड़िता का सगा भाई खुद अपनी बहन के खिलाफ पुलिस के पास पहुंच गया और उसे एक पेशेवर ब्लैकमेलर करार दिया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला के भाई विकास राज श्रीवास्तव ने अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से मुलाकात की. विकास ने एसएसपी को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपते हुए अपनी ही सगी बहन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. भाई का आरोप है कि उसकी बहन बेहद शातिर है. उसका असल उद्देश्य कोई न्याय पाना नहीं, बल्कि कथावाचक पवन देव महाराज की साख को नुकसान पहुंचाकर उनसे मोटी रकम वसूलना है.

भाई ने की निष्पक्ष जांच की मांग

इस मौके पर कथित पीड़ित महिला के भाई विकास राज श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा कि मेरी बहन बेहद शातिर है और वह कथावाचक पवन देव महाराज को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली करना चाहती है. वह पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. इसलिए शादी का झांसा देने का आरोप पूरी तरह से गलत है. मैंने एसएसपी साहब से निष्पक्ष जांच की मांग की है.

बहन को बताया शादीशुदा

शिकायती पत्र में विकास ने अपनी बहन के दावों की हवा निकालते हुए कई बड़े खुलासे किए हैं. भाई का दावा है कि उसकी बहन पहले से ही विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं. विकास ने बताया कि जब उसकी बहन पहले से शादीशुदा है, इसके बाद भी कथावाचक पर 'शादी का झांसा' देने का जो आरोप लगाया जा रहा है, वह पहली नजर में ही पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार साबित हो जाता है.

बहन पर मुकदमा दर्ज करने की मांग

कथावाचक पवन देव महाराज पर लगे आरोपों के बीच उनके पक्ष में खड़े हुए महिला के भाई ने पुलिस प्रशासन से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और बारीकी से जांच कराने की मांग की है. विकास का कहना है कि पुलिस को दूध का दूध और पानी का पानी करना चाहिए. साथ ही उसने मांग की है कि जांच में अगर उसकी बहन के आरोप झूठे पाए जाते हैं, तो ब्लैकमेलिंग और साजिश रचने के आरोप में उसकी बहन के खिलाफ ही सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए.

यह भी पढ़ें- MP राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, BJP के तीसरे कैंडिडेट का रास्ता साफ!

इस नए और अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद अयोध्या पुलिस की चुनौतियां बढ़ गई है. जहां एक तरफ महिला अपने आरोपों पर अडिग है. वहीं, दूसरी तरफ उसके सगे भाई के बयानों ने मामले को पूरी तरह संदिग्ध बना दिया है. फिलहाल, पुलिस प्रशासन दोनों पक्षों के दावों, सबूतों और आरोपों की बारीकी से जांच कर रहा है, ताकि इस पूरे विवाद के पीछे छिपी असली सच्चाई को सामने लाया जा सके.

यह भी पढ़ें- VIDEO: राज्यसभा चुनाव से पहले एमपी विधानसभा में बवाल, बीजेपी-कांग्रेस विधायकों में हुई धक्का-मुक्की

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ayodhya News, Katha Wachak, Rape Case, UP News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com