उत्तर प्रदेश के बागपत में एक ही मंडप में 140 जोड़ों की शादी ने सामाजिक सौहार्द की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सामूहिक विवाह योजना के तहत जहां 100 हिंदू जोड़ों ने सात फेरे लिए, वहीं 40 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह पढ़कर नए जीवन की शुरुआत की. इस खास आयोजन में नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से उपहार भी दिए.
एक मंच पर 140 जोड़ों की शादी
बागपत जिले में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 140 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया. इनमें 100 हिंदू जोड़े शामिल थे, जिन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लिए. वहीं 40 मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार काजी द्वारा पढ़ाया गया. एक ही स्थल पर दोनों परंपराओं का एक साथ निभाया जाना इस कार्यक्रम की खासियत रहा.
शाही अंदाज में हुआ आयोजन
यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम किसी आम आयोजन की तरह नहीं था, बल्कि इसे होटल में भव्य तरीके से आयोजित किया गया. सजावट, भोजन और व्यवस्था देखकर ऐसा लग रहा था जैसे कोई बड़ी शाही शादी हो रही हो. कार्यक्रम में भोज का भी इंतजाम हुआ, जिसमें सभी नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया.
मुख्यमंत्री की ओर से मिले खास तोहफे
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकार ने नवविवाहित जोड़ों को आर्थिक सहायता के साथ-साथ घरेलू उपयोग के सामान और अन्य उपहार भी दिए. इन तोहफों से गरीब परिवारों के लिए शादी का खर्च कम हो जाता है और उन्हें नई जिंदगी शुरू करने में मदद मिलती है.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
इस कार्यक्रम में बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने खास भूमिका निभाई. उन्होंने खुद मौजूद रहकर कई रस्मों में हिस्सा लिया और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया. उनके साथ सांसद राजकुमार सांगवान और विधायक योगेश धामा भी कार्यक्रम में शामिल हुए और सभी जोड़ों को शुभकामनाएं दीं.

भाईचारे की अनोखी मिसाल
इस आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यही रही कि एक ही परिसर में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग अपनी-अपनी परंपराओं के साथ विवाह बंधन में बंधे. जहां एक ओर फेरे और मंगलगीत गूंज रहे थे, वहीं दूसरी ओर ‘कुबूल है' की आवाजें सुनाई दे रही थीं. यह नजारा सामाजिक एकता और भाईचारे की एक मजबूत तस्वीर पेश करता नजर आया.
गरीब परिवारों के लिए राहत बनी योजना
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है. इस योजना के जरिए सरकार ना सिर्फ शादी का खर्च उठाती है, बल्कि नवविवाहित जोड़ों को नई शुरुआत के लिए जरूरी मदद भी देती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं