बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम बन गई है. सोमवार को इस टीम का ऐलान किया गया. इस टीम में 16 राष्ट्रीय मंत्री, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं. इस टीम में बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बनाया गया है.
नितिन नवीन की नई टीम में उत्तर प्रदेश का भी खास ध्यान रखा गया है. इस टीम में उत्तर प्रदेश से 8 नेताओं को जगह मिली है.
उत्तर प्रदेश से जिन्हें जगह मिली है, उनमें डॉ. भोला सिंह, संगीता यादव, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, तारिक मंसूर, कुंवर बासित अली, अमरपाल मौर्य और रेखा वर्मा शामिल हैं.
किसे क्या जिम्मेदारी मिली?
नितिन नवीन की नई टीम में 16 राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं, जिनमें से दो- डॉ. भोला सिंह और संगीता यादव उत्तर प्रदेश से हैं. स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. वहीं रेखा वर्मा और तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है.
इनके अलावा, अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
कौन हैं UP से शामिल हुए ये 8 नेता
- डॉ. भोला सिंह: बुलंदशहर सीट से बीजेपी के सांसद हैं. वह जमीनी स्तर से जुड़े नेता माने जाते हैं और बुलंदशहर से लगातार तीन बार से लोकसभा चुनाव जीतते आ रहे हैं. वह संसद की कई महत्वपूर्ण समितियों के सदस्य भी रहे हैं और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के मजबूत स्तंभों में से एक हैं.
- संगीता यादव: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं. इससे पहले वह चौरी-चौरा विधानसभा सीट से विधायक भी रह चुकी हैं. पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी दी है. वह पूर्वांचल क्षेत्र की एक प्रखर महिला नेता और पार्टी का प्रमुख ओबीसी (OBC) चेहरा हैं.
- स्मृति ईरानी: 2011 से 2019 तक गुजरात से राज्यसभा सांसद रहीं. 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. मोदी सरकार में मंत्री रही हैं. 2024 में चुनाव हार गई थीं. 2010 से 2013 तक बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं.
- हरीश द्विवेदी: बस्ती से आते हैं. 2012 का विधानसभा चुनाव हार गए थे. इसके बाद 2014 और 2019 में लगातार दो बार बस्ती सीट से लोकसभा चुनाव जीता. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव भी रह चुके हैं. असम समेत कई राज्यों के प्रभारी भी रहे हैं.
- रेखा वर्मा: उत्तर प्रदेश की धौरहरा लोकसभा सीट से दो बार की सांसद रही हैं. 2024 का चुनाव हार गई थीं. 2019 से वह बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं. इसके साथ ही उन्हें उत्तराखंड भाजपा का सह-प्रभारी भी बनाया गया था. वह अवध क्षेत्र में पार्टी की बेहद मजबूत महिला नेता मानी जाती हैं.
- तारिक मंसूर: अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के कुलपति रह चुके हैं. अभी विधान परिषद के सदस्य हैं. वह अलीगढ़ के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में डिपार्टमेंट ऑफ सर्जरी में भी प्रोफेसर रह चुके हैं. वह पार्टी के प्रमुख प्रबुद्ध मुस्लिम चेहरों में से एक हैं, जो पसमांदा मुस्लिम समाज और शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं.
- अमरपाल मौर्य: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं. 2022 का विधानसभा चुनाव हार गए थे. वह उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में प्रदेश महामंत्रीजैसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं. वह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं और यूपी के मौर्य-शाक्य-सैनी समाज (OBC) के बीच गहरी पैठ रखते हैं.
- कुंवर बासित अली: उत्तर प्रदेश बीजेपी के बड़े अल्पसंख्यक नेता हैं. वह यूपी में अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे हैं. बीजेपी में उनका प्रमोशन हो गया है. यूपी की टीम से सीधे राष्ट्रीय टीम में शामिल हो गए हैं.
कुछ महीनों में हैं विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले नितिन नवीन की नई टीम में उत्तर प्रदेश से जिन्हें शामिल किया गया है, उसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है. इस टीम में ब्राह्मण, महिला, ओबीसी, अल्पसंख्यक सभी नेताओं को शामिल किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं