- यूपी के कासगंज जिले के एक प्राथमिक स्कूल में 8 साल की बच्ची करीब 5 घंटे तक क्लासरूम में बंद रही
- छुट्टी के बाद बच्ची के घर न पहुंचने पर परिजनों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी, जिसके बाद उसकी तलाश हुई
- स्कूल के शिक्षकों ने छुट्टी के समय क्लास की जांच नहीं की, जिससे बच्ची अंदर रह गई और डर से रोती रही
उत्तर प्रदेश के कासगंज से स्कूल की लापरवाही का मामला सामने आया है. एक 8 साल की बच्ची क्लासरूम में करीब 5 घंटे तक बंद रही और स्कूल के टीचर्स को इस बात की भनक तक नहीं थी. बच्ची जब घर नहीं पहुंची तो माता-पिता बहुत ही परेशान हो गे. उन्होंने ये बात तुरंत ग्राम प्रधान को बताई. ग्राम प्रधान ने स्कूल को इसकी जानकारी दी. तब जाकर बच्ची का पता चला.
स्कूल में 5 घंटे बंद रही बच्ची
लापरवाही का ये मामला सहावर विकासखंड के ग्राम खितौली के एक प्राथमिक स्कूल का है. छुट्टी होने के बाद भी कक्षा 3 की एक 8 साल की छात्रा क्लासरूम में बंद रही. बच्ची करीब 5 घंटे तक बंद कमरे में डर से रोती-बिलखती रही. स्कूल के शिक्षकों ने छुट्टी के समय क्लासरूम को सही से चेक ही नहीं किया कि कोई बच्चा अंदर रह तो नहीं गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बच्ची के परिजन बहुत ही गुस्से में हैं.

क्लासरूम में डर से रो रही थी अकेली बच्ची
बच्ची के परिजनों का कहना है कि छुट्टी के बाद वह जब घर नहीं पहुंची तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि बच्ची स्कूल के कमरे में रो-बिलख रही है. बच्ची नहीं मिलने की जानकारी उन्होंने गांव के प्रधान को दी. ग्राम प्रधान ने स्कूल के शिक्षक को इस बारे में बताया जिसके बाद स्कूल और क्लास में उसकी तलाश की गई. तब जाकर बच्ची क्लास के भीतर डरी, सहमी और रोती मिली.

टीचर्स की लापरवाही से स्कूल में बंद रही बच्ची
जबकि स्कूल के टीचर्स को छुट्टी के समय यह चेक करना चाहिए कि कोई बच्चा क्लास में छूट तो नहीं गया. खासकर छोटे बच्चों के मामले में ये और भी जरूरी हो जाता है. डर की वजह से बच्ची के साथ कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था. गनीमत रही कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है.
इनपुट- फहीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं