विज्ञापन

चीन पहाड़ों के नीचे बिछा रहा रेल लाइन, 532KM लंबी रेल लाइन में 28 सुरंग और 50 पुल बना रहा, 44 हजार करोड़ खर्च करेगा

'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव' के तहत बन रहे इस रेलवे प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद चीन ट्रेन से अपना सामान यूरोप तक पहुंचा पाएगा. यह करीब 532 किलोमीटर लंबी इंटरनेशनल रेल लाइन होगी, जो चीन, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान को जोड़ेगी.

चीन पहाड़ों के नीचे बिछा रहा रेल लाइन, 532KM लंबी रेल लाइन में 28 सुरंग और 50 पुल बना रहा, 44 हजार करोड़ खर्च करेगा
China-Kyrgyzstan-Uzbekistan Railway: पहाड़ चीरकर सुरंगों में रेलवे लाइन बना रहा चीन (AI फोटो)

चीन से यूरोप को जोड़ने के लिए एक रेल लाइन बनाई जा रही है. यह करीब 532 किलोमीटर लंबी इंटरनेशनल रेल लाइन होगी, जो चीन, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान को आपस में जोड़ेगी. खास बात है कि इस रेल लाइन को बनाने के लिए किर्गिस्तान के पहाड़ों में एक साथ 28 सुरंगें खोदी जा रही हैं और साथ ही 50 पुल भी बन रहे हैं. 532 किलोमीटर की इस रेलवे लाइन में से करीब 120 किलोमीटर सिर्फ पुल और सुरंगों से गुजरेगा. हम बात कर रहे हैं चीन-किर्गिस्तान-उज्बेकिस्तान रेलवे की. यह रेलवे लाइन 'बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव' के अंतर्गत चीन, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान के बीच एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है.

पहाड़ों के बीच से गुजरेगी रेलवे

इस रेलवे की कुल लंबाई में से चीन का हिस्सा करीब 158 किलोमीटर और किर्गिस्तान का हिस्सा करीब 305 किलोमीटर है. बाकी हिस्सा उज्बेकिस्तान में मौजूदा रेलवे नेटवर्क से जुड़ता है. इस रेलवे में पूरे किर्गिस्तान सेक्शन में 20 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें बॉर्डर स्टेशन, ट्रांसशिपमेंट स्टेशन और छोटे रेलवे स्टॉप शामिल हैं.

खास बात है कि किर्गिस्तान के तियान शान पर्वत का पहाड़ी इलाका इस रेलवे परियोजना की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग चुनौतियों में से एक है. इसी वजह से बड़ी संख्या में सुरंगें और पुल बनाने पड़ रहे हैं. इस परियोजना में तीन प्रमुख सुरंगें शामिल हैं- नारिन नंबर 1, कोश-दोबो और फरगाना. इनमें से प्रत्येक 12 किमी से अधिक लंबी है। आधिकारिक तौर पर इस रेलवे का परिचालन 2031 में शुरू होना तय है. हालांकि ठेकेदार काम को उससे पहले पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं.

रेल से यूरोप तक पहुंच जाएगा चीन

चीन-किर्गिस्तान-उज्बेकिस्तान रेलवे चीन के काशगर से शुरू होकर किर्गिस्तान होते हुए उज्बेकिस्तान के अंदिजान तक जाएगी. कुल लंबाई करीब 530 किमी है. इसका मकसद यही है कि चीन को यूरोप से जोड़ा जाए. अंदिजान से ये उज्बेकिस्तान की मौजूदा रेलवे से जुड़ेगी, और फिर तुर्कमेनिस्तान- ईरान- तुर्की होते हुए यूरोप तक जाने वाले मिडिल कॉरिडोर का हिस्सा बन जाएगी. मतलब, ये चीन-यूरोप रूट की एक अहम कड़ी है. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक पूर्वी एशिया से मध्य पूर्व और दक्षिणी यूरोप के कुछ बाजारों तक माल पहुंचाने का रास्ता करीब 900 किलोमीटर छोटा हो सकता है.

अभी कितना काम हो गया है?

चाइना ग्लोबल टेलीविजन नेटवर्क की रिपोर्ट के अनुसार चीन-किरगिस्तान-उज्बेकिस्तान रेलवे के किर्गिस्तान वाले हिस्से में पहली सुरंग पूरी तरह आर-पार हो गई है. प्रोजेक्ट कंपनी ने सितंबर में बताया था कि ये इस क्रॉस-बॉर्डर रूट के लिए एक बड़ी कामयाबी है. प्रोजेक्ट के डिप्टी डायरेक्टर जनरल ने बताया कि 2026 के अंत तक कुल काम का करीब 22% पूरा हो जाएगा. अभी सुरंग खोदने का काम 21.5%, मिट्टी का काम 67% और पुलों की नींव का काम 95% पूरा हो चुका है.

कंपनी के मुताबिक, 209.6 मीटर लंबी कोश दोबो नॉर्थ नंबर 2 सुरंग किर्गिस्तान सेक्शन में पूरी होने वाली पहली सुरंग है. इसका काम जून 2025 में शुरू हुआ था. तब से 27 सुरंगों, 43 पुलों और 88 रोडबेड सेक्शन पर काम शुरू हो चुका है. साथ ही 20 रेलवे स्टेशनों का काम भी चल रहा है. ये रेलवे बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के तहत चीन, किर्गिस्तान और उज्बेकिस्तान के बीच एक बड़ा प्रोजेक्ट है. पूरा होने पर ये चीन और मध्य एशिया के बीच नया रेल लिंक बनेगा, जो चीन के शिनजियांग के काशगर से शुरू होकर किर्गिस्तान के जलालाबाद होते हुए उज्बेकिस्तान के अंदिजान तक जाएगा.

खर्चा कितना आ रहा?

इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग 4.7 अरब डॉलर यानी करीब 44 हजार करोड़ रुपये है. द डिप्लोमेट की रिपोर्ट के अनुसार किर्गिस्तान में लोकल कानून के तहत एक जॉइंट प्रोजेक्ट कंपनी बनाई गई है. इसमें चीन की हिस्सेदारी 51%, किर्गिस्तान की 24.5% और उज्बेकिस्तान की 24.5% है. 

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे पाताललोक में बन रहा दुनिया का विशाल पावर बैंक, पूरे पाकिस्तान के खर्च बराबर बिजली होगी स्टोर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Infrastructure Project, Infrastructure Project News, Infrastructure Project World Record, Railway Project
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com