- उत्तर प्रदेश के बलिया में गंगा घाट पर पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान पति-पत्नी गहरे पानी में डूब गए
- पत्नी इंदु देवी का शव दुबहर थाना क्षेत्र के वयासी घाट पर तैरता हुआ मिला था
- पति ओम प्रकाश दुबे का शव अब तक नहीं मिला है, जिसकी तलाश एनडीआरएफ टीम कर रही है
उत्तर प्रदेश के बलिया से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छितौनी फरसाटार का रहने वाला कपल रुद्राभिषेक के पूजा की सामग्री का विसर्जन करने गंगा घाट पर गया था. लेकिन वह घर वापस नहीं लौटा. दोनों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. पत्नी का शव तो मिल गया लेकिन पति का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है.
गंगा में स्नान के दौरान डूबे पति-पत्नी
ओम प्रकाश दुबे और उनकी पत्नी ने सावन के सोमवार को घर में रुद्राभिषेक कराया था. शाम को पति-पत्नी बलिया थाना कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट पर गंगा नदी में पूजा सामग्री का विसर्जन करने गए थे. विसर्जन करने के बाद दोनों गंगा स्नान करने लगे. इस दौरान ओम प्रकाश की पत्नी इंदु देवी गहरे पानी में जाने की वजह से डूबने लगीं. उनको बचाने के लिए ओम प्रकाश दुबे भी गहरे पानी में उतर गए. इस दौरान दोनों ही गंगा में डूब गए.

पत्नी का शव मिला, पति की तलाश जारी
पत्नी इंदु देवी का शव मंगलवार शाम को दुबहर थाना क्षेत्र के वयासी घाट पर तैरता हुआ मिला. वही पति का शव अब तक नहीं मिल सका है.पुलिस का कहना है कि एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी है. बलिया पुलिस उपाधीक्षक सतीश कुमार शर्मा ने घटना के बारे में बताया कि दुबहर थाने की पुलिस को सूचना मिली की बयासी घाट के पास एक महिला का शव किनारे की तरफ आ रहा है. शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भेजा गया, जिसकी पहचान ओम प्रकाश दुबे की पत्नी इंदु देवी के रूप में हुई.
गंगा में सर्च ऑपरेशन जारी
परिजनों ने बताया कि दोनों सोमवार शाम गंगा स्नान के लिए गए थे. वहीं शिवरामपुर घाट पर एक मोटरसाइकिल मिली जो ओम प्रकाश दुबे की है. गंगा में सर्च ऑपरेशन जारी है. पुलिस आगे की कार्रवाई क रही है.
ये भी पढे़ं-लड़खड़ा रहा था, फ्लोर पर बैठ गया... फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के कॉकपिट में पायलट की करतूतों का खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं