विज्ञापन

ताज पैलेस के उद्घाटन पर सीएम योगी का बड़ा संदेश, बोले- बड़ा सोचो, यूपी जैसा सोचो

लखनऊ में ताज पैलेस होटल के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को भारत की आत्मा बताते हुए निवेश, पर्यटन, विरासत और विकास के मॉडल के बारे में बताया. 

ताज पैलेस के उद्घाटन पर सीएम योगी का बड़ा संदेश, बोले- बड़ा सोचो, यूपी जैसा सोचो
सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को भारत की आत्मा बताया है.

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विभूति खंड में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताज पैलेस होटल का उद्घाटन किया. फीता काटने और दीप प्रज्ज्वलन के बाद उन्होंने होटल का निरीक्षण किया तथा इसे लखनऊ और उत्तर प्रदेश की बढ़ती पहचान का प्रतीक बताया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने "थिंक बिग, थिंक लाइक यूपी" का मंत्र दिया और कहा कि प्रदेश की संभावनाएं अब दुनिया को आकर्षित कर रही हैं.

उत्तर प्रदेश में बसती है भारत की आत्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आत्मा उत्तर प्रदेश में बसती है. अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और भगवान बुद्ध से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल इस प्रदेश को विशेष पहचान देते हैं. उन्होंने कहा कि गंगा, यमुना और सरयू जैसी पवित्र नदियां भी यूपी की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाती हैं. उनके अनुसार लंबे समय तक इस पहचान को नजरअंदाज किया गया, जिससे प्रदेश की छवि प्रभावित हुई.

पर्यटन में नई ऊंचाइयों पर पहुंचा यूपी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में सरकार ने प्रदेश की असली ताकत को पहचानने का काम किया है. उन्होंने बताया कि एक समय पर्यटन के मामले में तीसरे स्थान पर रहने वाला उत्तर प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा पर्यटन केंद्र बनकर उभरा है. वर्ष 2025 में प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ. काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थलों ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई.

विरासत और विकास का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप प्रदेश में विकास और विरासत के बीच संतुलन स्थापित किया गया है. इसी नीति के कारण यूपी पर्यटन, निवेश और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है. उन्होंने कहा कि आज दुनिया का कोई भी राज्य या देश यूपी जैसी संभावनाओं का दावा नहीं कर सकता.

लखनऊ को मिली नई पहचान

सीएम ने बताया कि मुंबई और दिल्ली के बाद लखनऊ ऐसा तीसरा शहर बन गया है जहां ताजमहल और ताज पैलेस दोनों होटल मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि लखनऊ अपनी सांस्कृतिक विरासत और खानपान के लिए विश्वभर में पहचान रखता है. यूनेस्को भी शहर को विशेष मान्यता दे चुका है.

181 कमरों वाला आधुनिक होटल

योगी आदित्यनाथ ने ताज पैलेस की सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि होटल में 181 कमरे और सुइट्स हैं. इसके अलावा एक भव्य प्रेसिडेंशियल सुइट तथा 10 हजार वर्गफुट का पिलरलेस बैंक्वेट हॉल भी बनाया गया है. उन्होंने कहा कि ऐसे होटल राज्य के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई मजबूती देंगे.

जापान का प्रतिनिधिमंडल बनेगा पहला मेहमान

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट आयोजित की गई, जिसमें 200 से अधिक विदेशी निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. ग्रीन हाइड्रोजन, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश की रुचि दिखाई गई है. उन्होंने कहा कि जापान का प्रतिनिधिमंडल ताज पैलेस का पहला अतिथि बनेगा.

रोजगार और विकास को मिलेगा बढ़ावा

सीएम ने कहा कि होटल ताज पैलेस सीधे तौर पर 600 लोगों को रोजगार देगा जबकि सैकड़ों लोग इसकी सप्लाई चेन से जुड़े रहेंगे. उन्होंने कहा कि होटल, अस्पताल, मॉल और संस्थान केवल इमारतें नहीं होते बल्कि पूरे आर्थिक तंत्र को गति देने वाले केंद्र होते हैं.

बदल चुका है उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब 17 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं. देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा यूपी में है. मेट्रो, रैपिड रेल और इनलैंड वाटरवे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश को नई दिशा दी है. उन्होंने कहा कि ओडीओपी योजना के जरिए यूपी दो लाख करोड़ रुपये का निर्यात कर रहा है.

वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है. उन्होंने युवाओं की स्किलिंग, निवेश और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के विस्तार को इस लक्ष्य की अहम कड़ी बताया. साथ ही ताज समूह से स्थानीय खानपान, मिलेट्स, बाटी-चोखा और सत्तू जैसे पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने का आग्रह किया.

यह भी पढ़ें- वंदे मातरम पूरा नहीं गाया तो कार्रवाई होनी चाहिए, कांग्रेस ने भयानक अपराध किया: शिवराज सिंह चौहान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yogi Adityanath, Uttar Pradesh Tourism, Up Development
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com